‘हनुमान अंश’ का तेलुगु में वर्ल्डवाइड प्रीमियर 9 अक्टूबर को : होम्बले फिल्म्स ने नए पोस्टर के साथ की आधिकारिक घोषणा

मुंबई (एजेंसी)। प्रसिद्ध प्रोडक्शन हाउस होम्बले फिल्म्स ने अपनी आध्यात्मिक पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ के तेलुगु रूपांतरण (Telugu Version) की वैश्विक रिलीज़ की तारीख़ तय कर दी है। दर्शकों के शानदार रुझान को देखते हुए यह फ़िल्म 9 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में तेलुगु भाषा में प्रदर्शित की जाएगी।
सोशल मीडिया पर नया पोस्टर जारी
रिलीज की घोषणा करते हुए होम्बले फिल्म्स ने सोशल मीडिया पर फिल्म का नया पोस्टर साझा किया। मेकर्स ने उत्साह व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस आध्यात्मिक गाथा को बड़े पर्दे के माध्यम से तेलुगु भाषी दर्शकों तक पहुँचाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इससे पहले फिल्म को सितंबर में रिलीज करने की योजना थी, लेकिन रणनीतिक बदलावों के चलते नई तारीख का ऐलान अब किया गया है।
नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित है कहानी
विशाल चतुर्वेदी द्वारा निर्देशित ‘हनुमान अंश’ पूज्य संत नीम करौली बाबा के जीवन व उनकी भक्ति यात्रा से प्रेरित एक भावपूर्ण ड्रामा है। फिल्म में मुख्य भूमिका अभिनेता शोभिनव सत्य ने निभाई है। यह कहानी ‘Divine Detour: That Changed My Life’ पर आधारित है। इसका निर्माण रागिनी एस, नम्रता जी सिंह, अनुप्रिया ए नागर और विशाल चतुर्वेदी के संयुक्त प्रयास से हुआ है।
बॉक्स ऑफिस पर 400 करोड़ पार
‘KGF’, ‘कांतारा’ और ‘सालार’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में देने वाले बैनर होम्बले फिल्म्स की यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर पहले ही जबरदस्त सफलता हासिल कर चुकी है। वैश्विक स्तर पर फिल्म 400 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर चुकी है। तेलुगु वर्जन के रिलीज होने से दक्षिण भारतीय सिनेमा बाजार में भी फिल्म की लोकप्रियता और व्यापक पहुंच बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
















