मुख्यमंत्री योगी ने भारतीय नौसेना दिवस पर दी शुभकामनाएं

उत्तर प्रदेश (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय नौसेना दिवस के अवसर पर सभी नौसैनिकों और उनके परिवारों को बधाई दी है। उन्होंने नौसेना के जवानों के साहस, शौर्य और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
नौसेना के योगदान की सराहना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक संदेश में कहा कि जो वीर जवान देश की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा के लिए दिन-रात तैयार रहते हैं, अपनी अद्वितीय बहादुरी, पराक्रम और निष्ठा से राष्ट्र की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं, उन सभी भारतीय नौसेना के जांबाज और उनके परिजनों को नौसेना दिवस की बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं।
उन्होंने आगे कहा कि हमें अपनी भारतीय नौसेना पर गर्व है, जो न केवल समुद्री सीमाओं की अटल रक्षक है, बल्कि मानवता की सेवा, आपदा प्रबंधन और वैश्विक शांति स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।















