‘सुशासन तिहार’ के तहत मुख्यमंत्री पहुंचे सिलमा : खाट पर बैठकर सुनीं ग्रामीणों की पीड़ा, मौके पर दिए समाधान के निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राज्यव्यापी ‘सुशासन तिहार 2026’ अभियान के अंतर्गत सरगुजा जिले के बतौली ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत सिलमा का दौरा किया। शांतिपारा में आयोजित जन चौपाल के माध्यम से मुख्यमंत्री ने न केवल ग्रामीणों से सीधे संवाद किया, बल्कि उनकी समस्याओं को सुनकर मौके पर ही अधिकारियों को निराकरण के कड़े निर्देश दिए।
प्रशासन अब जनता के द्वार
जन चौपाल में खाट पर बैठकर ग्रामीणों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य केवल नीतियां बनाना नहीं, बल्कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘सुशासन तिहार’ के तहत 40 दिनों तक यह अभियान जारी रहेगा, जिसमें प्रशासन खुद गांव-गांव जाकर लोगों की तकलीफें सुनेगा और उनका समाधान करेगा। अब नागरिकों को अपने काम के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
राजेश शुक्ला की समस्या पर तत्काल मानवीय दृष्टिकोण
कार्यक्रम के दौरान सुआरपारा निवासी श्री राजेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री के सामने अपनी आर्थिक बदहाली का जिक्र करते हुए बिजली बिल माफी और सहायता की अपील की। मुख्यमंत्री ने उनकी व्यथा को अत्यंत गंभीरता से लिया और तत्काल अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए न केवल बिजली बिल माफ किया जाए, बल्कि उन्हें जरूरी आर्थिक मदद भी प्रदान की जाए। मुख्यमंत्री की इस त्वरित कार्रवाई से राजेश शुक्ला काफी भावुक नजर आए और उन्होंने राहत की सांस लेते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
योजनाओं की जमीनी हकीकत का लिया जायजा
मुख्यमंत्री ने इस दौरान केवल समस्याओं को सुना ही नहीं, बल्कि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और उनके असर को लेकर ग्रामीणों से फीडबैक भी लिया। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि जन चौपाल में प्राप्त हर एक आवेदन को प्राथमिकता दी जाए और तय समयसीमा के भीतर उसका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, लूण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज, महापौर श्रीमती मंजूषा भगत और कलेक्टर श्री अजीत वसंत सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।
















