विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर बोले वित्त मंत्री ओपी चौधरी : ‘कांग्रेस की फील्डिंग बेकार जाएगी, सरकार के विकास कार्यों के लगेंगे चौके-छक्के’

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में विपक्ष द्वारा पेश किए गए अविश्वास प्रस्ताव पर प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने करारा तंज कसा है। कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने क्रिकेट की भाषा में कहा कि विपक्ष ने चाहे जितनी भी घेराबंदी (फील्डिंग) की हो, लेकिन राज्य सरकार अपने बेहतरीन कामों और उपलब्धियों की बदौलत सदन में चौके-छक्के जड़ने को तैयार है।
वित्त मंत्री ने इस अविश्वास प्रस्ताव को एक बेहतरीन मौका बताते हुए कहा कि इससे सरकार को अपने ढाई साल के कार्यकाल के दौरान किए गए विकास कार्यों और जनहित के फैसलों का पूरा हिसाब-किताब जनता के सामने रखने का अवसर मिला है।
पूर्ववर्ती सरकार को घेरा
सदन में विपक्ष को जवाब देने की रणनीति पर बात करते हुए ओपी चौधरी ने कहा कि इस दौरान सिर्फ मौजूदा सरकार की उपलब्धियां ही नहीं गिनाई जाएंगी, बल्कि कांग्रेस के पिछले पांच साल के शासनकाल में हुई कथित गड़बड़ियों और अनियमितताओं का लेखा-जोखा भी सामने लाया जाएगा, ताकि राज्य की जनता को हकीकत का पता चल सके।
कांग्रेस की हताशा पर तंज
कांग्रेस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए वित्त मंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्ष का संवैधानिक संस्थाओं से भरोसा उठ चुका है। उन्होंने कहा:
“कांग्रेस को न तो सुप्रीम कोर्ट पर विश्वास है, न निर्वाचन आयोग पर और न ही ईवीएम पर। जनता का भरोसा खोने के बाद अब वे यह अविश्वास प्रस्ताव लेकर आए हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि देश और प्रदेश की जनता ने लगातार चुनाव दर चुनाव भारतीय जनता पार्टी की नीतियों पर मुहर लगाई है। ऐसे में कांग्रेस का यह कदम उनकी राजनीतिक हताशा और जनता के जनादेश को स्वीकार न कर पाने की जिद को दर्शाता है।
















