बाल गृह के बच्चे को जन्मदिन पर मिला मनपसंद तोहफा, डॉ. वर्णिका शर्मा ने पूरा किया साइकिल देने का वादा

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने 16 सितंबर 2026 को कवर्धा स्थित शासकीय बालक गृह का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें पता चला कि वहां रह रहे एक बच्चे का जन्मदिन है। इस विशेष अवसर पर उन्होंने बालक के साथ उसका जन्मदिन मनाया और आत्मीयता से बातचीत करते हुए उसकी इच्छा पूछी।
जब डॉ. शर्मा ने बच्चे से उपहार के बारे में पूछा, तो उसने संकोच के साथ अपनी इच्छा जाहिर करते हुए साइकिल मांगी। आयोग अध्यक्ष ने बालक को उसकी पसंद की साइकिल जल्द ही उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
अपने इस वादे को निभाते हुए मात्र दो दिनों के भीतर उन्होंने प्रक्रिया पूरी कराई। बोड़ला (कवर्धा) के बाल विकास परियोजना अधिकारी नमन शर्मा बच्चे को खुद दुकान ले गए और उसकी पसंदीदा साइकिल चुनवाकर बाल गृह पहुँचाई। साइकिल मिलते ही बालक की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
साइकिल मिलने के बाद डॉ. वर्णिका शर्मा ने फोन पर बच्चे से बात की, जिस पर बालक ने उनका धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर डॉ. शर्मा ने कहा कि बच्चों की राय और उनकी इच्छाओं का सम्मान करना ही बाल अधिकार संरक्षण की सच्ची भावना है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि बाल गृहों में रहने वाले बच्चों की भौतिक आवश्यकताओं के साथ-साथ उनके भावनात्मक विकास और अधिकारों का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है।
















