नागालैंड शराब त्रासदी : जहरीली शराब से 19 लोगों की जान गई, पुलिस कार्रवाई में 19 आरोपी हिरासत में

कोहिमा (एजेंसी)। नागालैंड के मोकोकचुंग और तुएनसांग इलाकों में संदिग्ध जहरीली शराब का सेवन करने से बीते 48 घंटों के भीतर 19 लोगों की जान चली गई। इस गंभीर घटना के सामने आते ही एक्शन में आई पुलिस प्रशासन ने अवैध नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्रशासनिक आंकड़ों के मुताबिक, इस हादसे में मोकोकचुंग में 8 और तुएनसांग में 11 नागरिकों की मृत्यु हुई है। मामले की तह तक पहुंचने और मिलावटी सप्लाई के मुख्य स्रोत को बेनकाब करने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) बुंगलांग चांग के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। अधिकारियों के अनुसार जांच में कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं, वहीं मौतों की वास्तविक वजह की पुष्टि के लिए शराब के नमूनों को फोरेंसिक परीक्षण हेतु गुवाहाटी स्थित लैब भेजा गया है।
घटना के बाद पुलिस द्वारा चलाए गए राज्यव्यापी छापेमारी अभियान में लगभग 3,000 अवैध शराब की बोतलें जब्त की गई हैं।
गौर हो कि नागालैंड में वर्ष 1990 से ही पूर्ण शराबबंदी लागू है, इसके बावजूद गैर-कानूनी तरीके से शराब की बिक्री और इसका सेवन प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। इससे पहले भी चालू माह की शुरुआत में तुएनसांग सिविल अस्पताल में मिलावटी शराब के कारण 9 लोगों की जान जा चुकी है।
लगातार हो रहे इन हादसों को देखते हुए पुलिस विभाग ने सख्त चेतावनी और रेड अलर्ट जारी किया है। जनता से अपील की गई है कि वे किसी भी गैर-आधिकारिक या बिना लेबल वाली शराब का सेवन बिल्कुल न करें। यदि शराब पीने के उपरांत किसी व्यक्ति को आंखों के आगे अंधेरा छाने, सांस फूलने, चक्कर आने या बेहोशी महसूस हो, तो उसे तुरंत निकटतम अस्पताल ले जाएं।
















