चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी को मिला सर्वश्रेष्ठ यूटी राष्ट्रीय पुरस्कार

चंडीगढ़ (एजेंसी)। चंडीगढ़ ने एक बार फिर देश भर के स्मार्ट सिटी राष्ट्रीय पुरस्कारों में अपनी उत्कृष्टता का प्रदर्शन करते हुए सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ के लिए उपलब्धि हासिल की है। चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी को देश भर के स्मार्ट सिटीज़ में सर्वश्रेष्ठ यूटी स्मार्ट सिटी के रूप में चुना गया है। इसके साथ ही चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी को सर्वश्रेष्ठ ई गवर्नेंस प्रोजेक्ट, सर्वश्रेष्ठ मोबिलिटी प्रोजेक्ट और तीसरे सर्वश्रेष्ठ स्वच्छता प्रोजेक्ट से भी सम्मानित किया गया। ये पुरस्कार इंदौर में इंडिया स्मार्ट सिटीज़ कॉन्क्लेव 2023 के दौरान भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिए।
इन पुरस्कारों में सस्टेनेबल मोबिलिटी और ई गवर्नेंस श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ परियोजना विकसित करने और सर्वश्रेष्ठ यूटी के लिए चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी को सम्मानित किया। भारत सरकार के शहरी एवं शहरी कार्य मंत्रालय मंत्री हरदीपपुरी द्वारा चंडीगढ़ शहर में अपशिष्ट प्रबंधन में क्रांति लाने के लिए स्वच्छता श्रेणी में चंडीगढ़ को तीसरा स्थान दिया गया।
चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड की सीईओ तथा नगर निगम चंडीगढ़ कमिश्नर अनिंदिता मित्रा, चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड के जनरल मैनेजर एनपी शर्मा, चंडीगढ़ के मेयर अनूप गुप्ता, चंडीगढ़ के गृह सचिव नितिन कुमार यादव ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से यह पुरस्कार हासिल किए।
चंडीगढ़ के गृह सचिव नितिन कुमार यादव ने इस उपलब्धि पर कहा कि चंडीगढ़ की सराहनीय उपलब्धियों का श्रेय एक हरा-भरा और अधिक टिकाऊ शहर बनाने के उद्देश्य से की गई अभूतपूर्व पहल को दिया जाता है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित और सुविधाजनक गैर-मोटर चालित परिवहन सुविधाएं प्रदान करने में चंडीगढ़ के असाधारण प्रयासों ने टिकाऊ परिवहन को बढ़ावा देने और कार्बन उत्सर्जन को कम करने की शहर की प्रतिबद्धता को पूरा किया है।
चंडीगढ़ के मेयर अनूप गुप्ता ने इस पर गर्व व्यक्त किया और पुरस्कारों को चंडीगढ़ के नागरिकों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्मार्ट सिटी पुरस्कारों में स्मार्ट सिटी चंडीगढ़ की उपलब्धियाँ अधिक टिकाऊ शहर की प्रतिबद्धता और दृष्टिकोण को दर्शाती हैं।