मध्यप्रदेश

पेसा मोबिलाइजर्स की समस्याओं का जल्द निकलेगा सकारात्मक समाधान : सीएम डॉ. मोहन यादव

भोपाल (एजेंसी)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य के पेसा मोबिलाइजर्स के प्रति राज्य सरकार की पूर्ण संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता दोहराई है। मंडला, डिंडोरी सहित विभिन्न जिलों से आई पेसा मोबिलाइजर बहनों ने मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर सीएम डॉ. यादव को राखी बांधी और उनका अभिनंदन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बहनों को राखी का नेग भेंट कर उनके प्रति अपना स्नेह व्यक्त किया और आश्वस्त किया कि उनके रोजगार एवं सहायता के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है और जल्द ही इसका कोई न कोई हल निकाला जाएगा।

मुलाकात के दौरान जब मोबिलाइजर बहनों ने फिर से नियुक्ति दिए जाने की मांग रखी, तो मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई योजना थी, जिसे केंद्र स्तर से ही समाप्त किया गया है। इसके बावजूद, मध्य प्रदेश सरकार ने इस दिशा में पहल करते हुए केंद्रीय पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय को पत्र लिखा है। उन्होंने बताया कि राज्य का पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, सामाजिक न्याय विभाग तथा वित्त विभाग मिलकर इस विषय पर गंभीरता से काम कर रहे हैं, ताकि पेसा मोबिलाइजर्स के हित में एक बेहतर और सकारात्मक रास्ता निकाला जा सके।

वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ने बहनों से ‘लाड़ली बहना योजना’ के लाभ के बारे में भी पूछा, जिस पर बहनों ने सकारात्मक उत्तर दिया। सीएम ने कहा कि प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी और सुरक्षित बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर जनसंपर्क विभाग और संबंधित मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ भारतीय मजदूर संघ और पेसा मोबिलाइजर संघ के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button