आगर मालवा हादसा : उफनते नाले में बही कार, 3 बच्चों समेत 8 श्रद्धालुओं की जान गई

भोपाल (एजेंसी)। मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में एक बेहद दर्दनाक दुर्घटना सामने आई है। नलखेड़ा स्थित प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर के दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं की कार उफनते बरसाती नाले में बह गई, जिससे तीन मासूम बच्चों सहित आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि बारिश के कारण नाला पूरे उफान पर था। चालक पानी की गहराई और तेज बहाव का सही अंदाजा नहीं लगा सका और गाड़ी को नाले से निकालने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान कार पानी के तेज प्रवाह में बह गई। शनिवार सुबह जब जलस्तर कम हुआ, तब स्थानीय लोगों की नजर नाले में फंसी कार पर पड़ी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। बचाव दल ने जब कार को बाहर निकाला, तो उसमें से आठों सवारों के शव बरामद हुए। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई।
आगर मालवा के पुलिस अधीक्षक ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों में तीन बच्चे, दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। शुरुआती जांच के मुताबिक, कार सवार सात लोग ओडिशा के रहने वाले थे, जिन्होंने उज्जैन से किराए पर गाड़ी ली थी और बगलामुखी मंदिर की ओर जा रहे थे। फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी है।
मंडला में टला हादसा
इसके अलावा, राज्य के मंडला जिले से भी एक घटना की जानकारी मिली है, जहां नर्मदा नदी के तेज बहाव में एक युवती बहने लगी। हालांकि, पास ही मौजूद सतर्क मछुआरों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए लगभग 200 मीटर दूर बह चुकी युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस को मिले बैग में मौजूद दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान टिकरिया क्षेत्र की निवासी के रूप में हुई, जिसके बाद परिजनों को सूचित कर दिया गया।
















