बाबा गुरु घासीदास जयंती : उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने दी प्रदेशवासियों को बधाई, कोरबा के कार्यक्रमों में होंगे शामिल

रायपुर। छत्तीसगढ़ के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने सतनाम पंथ के संस्थापक और महान संत बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती (18 दिसंबर) के पावन अवसर पर सभी नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
इस मौके पर बाबा गुरु घासीदास जी के विचारों को याद करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उन्होंने समाज में फैले भेदभाव, छुआछूत और हर तरह के अन्याय के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाई थी। उनका दिया गया ‘मनखे-मनखे एक समान’ (सभी मनुष्य एक बराबर हैं) का अमर संदेश आज भी हम सबको समानता और भाईचारे की राह दिखाता है।
मंत्री देवांगन ने आगे कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी सामाजिक एकता और समरसता के एक महान प्रतीक हैं। समाज को एक सकारात्मक और नई दिशा देने में उनका योगदान अतुलनीय है। उनके विचार, उपदेश और जीवन दर्शन आज के समय में भी पूरी मानवता के कल्याण के लिए बेहद प्रासंगिक और प्रेरणादायक हैं।
कोरबा के समारोहों में शिरकत करेंगे मंत्री
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन गुरुवार, 18 दिसंबर को कोरबा जिले में आयोजित जयंती समारोहों में शामिल होंगे। वे दोपहर 3:30 बजे बालको नगर में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचेंगे, जिसके बाद शाम 4:45 बजे कोरबा के टी.पी. नगर में आयोजित गुरु घासीदास जयंती मुख्य समारोह में हिस्सा लेंगे।
















