छत्तीसगढ़

भोरमदेव सरस मेला : उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की श्रद्धालुओं और व्यापारियों से परिसर को प्लास्टिक मुक्त बनाने की अपील, स्वच्छता की दिलाई शपथ

कबीरधाम। कबीरधाम जिले में पवित्र श्रावण मास के अवसर पर आयोजित होने वाले प्रसिद्ध भोरमदेव सरस मेले में इस वर्ष भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन के दौरान परिसर को स्वच्छ और हरित बनाए रखने के उद्देश्य से राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सभी व्यापारियों, शिविर संचालकों और दर्शनार्थियों से ‘ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026’ का कड़ाई से पालन करने का आग्रह किया है।

उपमुख्यमंत्री ने भोरमदेव धाम को राज्य की आस्था, सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य का केंद्र बताते हुए कहा कि इस धार्मिक स्थल को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त रखना सभी नागरिकों का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही धाम का नैसर्गिक सौंदर्य सुरक्षित रह सकता है।

मेले में स्वच्छता बनाए रखने के मुख्य बिंदु:

सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध: प्लास्टिक के थैलों की जगह कपड़े या जूट के थैलियों का इस्तेमाल करें।

कचरा पृथक्करण: सभी दुकान व शिविर संचालक सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग रखें।

समुचित निस्तारण: कचरा केवल कचरा गाड़ियों या तय किए गए डस्टबिन में ही डालें।

श्रद्धालुओं के लिए सुझाव: दर्शनार्थी घर से ही पानी की बोतल और कपड़े का थैला साथ लाएं और खुले में गंदगी न फैलाएं।

आयोजन के दौरान उपमुख्यमंत्री ने वहां मौजूद ग्रामीणों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, मितानिनों और स्वच्छाग्रहियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के दौरान कबीरधाम जिले को प्लास्टिक मुक्त बनाने और आम जनता में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया गया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button