छत्तीसगढ़

जनदर्शन में कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश

दुर्ग। दुर्ग के गंजपारा स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित नियमित जनदर्शन में कैबिनेट मंत्री और स्थानीय विधायक गजेन्द्र यादव ने आम नागरिकों व कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों की शिकायतों, मांगों और सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को जनहित के मुद्दों का जल्द से जल्द निपटारा करने की हिदायत दी।

मंत्री यादव ने कहा कि राज्य सरकार की पहली प्राथमिकता नागरिकों की समस्याओं का तय सीमा के भीतर और संवेदनशीलता के साथ समाधान करना है। जनप्रतिनिधि का काम केवल विकास योजनाओं को आगे बढ़ाना ही नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं को सुनकर उनका निदान करना भी है। जनदर्शन शासन और आम जनता के बीच बेहतर तालमेल बनाने का एक सशक्त माध्यम है।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय निवासियों ने बिजली, पेयजल, स्वच्छता और सड़कों जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। मानसून को ध्यान में रखते हुए गजेन्द्र यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों के गड्ढों की तुरंत मरम्मत की जाए ताकि लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो। इसके अलावा जलभराव से प्रभावित इलाकों में नालियों की नियमित सफाई कराने को कहा ताकि बारिश का पानी आसानी से निकल सके।

कार्यक्रम के अंत में उन्होंने उपस्थित लोगों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र हितग्राहियों से इनका ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाने की अपील की।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button