बगिया स्थित सीएम कैंप ऑफिस बना मिसाल : 9वीं की छात्रा दीपिका को मिला श्रवण यंत्र, पढ़ाई की राह हुई आसान

जशपुर। जशपुर जिले के बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय ने एक बार फिर संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है। दुलदुला विकासखंड के पतराटोली स्थित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली दिव्यांग छात्रा दीपिका कुमारी को त्वरित कार्रवाई करते हुए श्रवण यंत्र (हियरिंग एड) प्रदान किया गया है।
समस्या का तुरंत हुआ समाधान
गिरहलडीह (कुनकुरी) की रहने वाली रामपति बाई ने अपनी बेटी दीपिका के कम सुनने और उससे पढ़ाई में आ रही दिक्कतों को लेकर सीएम कैंप कार्यालय में सहायता का आवेदन दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कैंप ऑफिस ने तत्काल समाज कल्याण विभाग को निर्देशित किया। इसके बाद दुलदुला जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के जरिए छात्रा तक श्रवण यंत्र पहुंचाया गया।
छात्रा और परिजनों ने जताया आभार
मदद मिलने के बाद छात्रा दीपिका ने बताया कि पहले कक्षाओं में शिक्षकों की आवाज साफ न आने से समझने में काफी परेशानी होती थी। अब यंत्र मिलने से वह आसानी से पढ़ाई पर ध्यान दे पा रही है। दीपिका और उसकी मां ने इस त्वरित सहायता के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
जनसमस्याओं के सीधे निपटारे के लिए जाना जाने वाला यह कैंप कार्यालय स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों में जरूरतमंदों के लिए एक बड़ा सहारा साबित हो रहा है।
















