दिल्ली में तिरंगा लहराकर लौटी स्वच्छता की टीम, रायपुर एयरपोर्ट पर ढोल-नगाड़ों और लोक नृत्यों से भव्य अगवानी

उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा के जनप्रतिनिधियों का अभिनंदन करने उमड़ीं सैकड़ों स्वच्छता दीदियां
रायपुर। नई दिल्ली में आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के हाथों राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त करने के बाद छत्तीसगढ़ लौटे प्रतिनिधिमंडल का रायपुर विमानतल पर उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। इस दल में उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव के साथ रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे, बिलासपुर की महापौर श्रीमती पूजा विधानी और बिल्हा नगर पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती वन्दना जेंड्रे शामिल थीं। तीनों नगरीय निकायों से बड़ी संख्या में पहुंचीं स्वच्छता दीदियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों और लोक नृत्यों के साथ अपनी टीम की इस बड़ी जीत का जश्न मनाया।
सफाई मित्रों की मेहनत और जनभागीदारी को दिया श्रेय
एयरपोर्ट पर मीडिया और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि लगातार दूसरे साल राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ के तीन शहरों का सम्मानित होना राज्य की मजबूत इच्छाशक्ति और जमीनी स्तर पर हो रहे सुधारों का नतीजा है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय सफाई मित्रों की दिन-रात की मेहनत, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के समन्वय तथा आम नागरिकों की जागरूकता को दिया। श्री साव ने विशेष रूप से प्रदेश की 9,000 से अधिक स्वच्छता दीदियों की सराहना करते हुए कहा कि घर-घर से कचरा एकत्र करने से लेकर उसके पृथक्करण और लोगों को प्रेरित करने में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य केवल चुनिंदा शहरों तक सीमित न रहकर प्रदेश के हर नगरीय निकाय को स्वच्छ और सुंदर बनाना है।
तीनों शहरों ने कायम रखी अपनी श्रेष्ठता
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ने स्वच्छता के क्षेत्र में अपना दबदबा कायम रखा है और तीनों निकायों ने पिछले साल के मुकाबले अपने प्रदर्शन को और निखारा है:
रायपुर: पिछले सर्वेक्षण (2024-25) में ‘प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर’ का खिताब जीतने वाली राजधानी रायपुर ने इस बार छलांग लगाते हुए छत्तीसगढ़ के ‘सबसे स्वच्छ शहर’ का पुरस्कार अपने नाम किया है।
बिलासपुर: तीन से दस लाख की आबादी वाले शहरों में पिछली बार दूसरा स्थान हासिल करने वाले बिलासपुर ने अपनी लय बरकरार रखते हुए इस वर्ष देश के ‘सबसे स्वच्छ रिवर फ्रंट’ वाले शहरों की श्रेणी में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
बिल्हा: नगर पंचायत बिल्हा ने पिछले सर्वेक्षण की तरह इस वर्ष भी अपनी श्रेणी में देशभर में शीर्ष स्थान (प्रथम) बरकरार रखकर अपनी श्रेष्ठता साबित की है।
















