जरहापारा में डिप्टी सीएम अरुण साव की जन चौपाल : ग्रामीणों से लिया योजनाओं का फीडबैक, देवगुड़ी के लिए ₹5 लाख का ऐलान

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री और लोरमी के स्थानीय विधायक श्री अरुण साव ने आज ग्राम जरहापारा में एक अनोखी पहल की। उन्होंने गांव में एक आम के पेड़ की छांव में ‘जन चौपाल’ सजाई और सीधे ग्रामीणों के बीच बैठकर उनसे बातचीत की। इस चौपाल का मुख्य उद्देश्य गांव में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करना और सरकारी योजनाओं के जमीनी असर का फीडबैक लेना था। ग्रामीणों की सांस्कृतिक आस्था का सम्मान करते हुए डिप्टी सीएम ने जरहापारा में देवगुड़ी के निर्माण के लिए 5 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने की घोषणा भी की।
चौपाल के दौरान श्री साव ने स्थानीय लोगों की समस्याओं और शिकायतों को बेहद संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने मौके पर ही मौजूद अधिकारियों को ग्रामीणों से मिले आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करने और समस्याओं का जल्द से जल्द निपटारा करने के कड़े निर्देश दिए।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य की ‘डबल इंजन’ सरकार आदिवासी और वनांचल क्षेत्रों के चहुंमुखी विकास के लिए पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार ‘जनमन योजना’ और ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं के जरिए दूरदराज के वन गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें नई ऊंचाइयों पर ले जाने के संकल्प के साथ निरंतर काम कर रही है।
















