खेतों में उतरे संभागायुक्त और कलेक्टर, धान रोपाई के बीच किसानों की जानी समस्याएं

मुंगेली। क्षेत्र में धान रोपाई का काम जोरों पर है। इसी बीच प्रशासनिक संवेदनशीलता की अनूठी मिसाल देखने को मिली, जब संभागायुक्त सुनील जैन और कलेक्टर कुन्दन कुमार खुद गीधा बायपास मार्ग स्थित खेतों में पहुँच गए। अधिकारियों ने न केवल कृषि गतिविधियों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया, बल्कि कीचड़ भरे खेतों में उतरकर किसानों से सीधे बातचीत भी की।
खाद-बीज और सिंचाई सुविधाओं की ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने खरीफ फसल की तैयारियों, धान रोपाई की गति, सिंचाई संसाधनों तथा बीज व उर्वरक की उपलब्धता की बारीकी से समीक्षा की। बातचीत के दौरान स्थानीय किसानों ने संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि इस बार कृषि सामग्रियों की समय पर आपूर्ति होने से रोपाई बिना किसी बाधा के जारी है और वे बेहतर उपज को लेकर आशाान्वित हैं।
किसानों ने जताया आभार, अधिकारियों ने दिए निर्देश
उच्च अधिकारियों को अपने बीच खेतों में पाकर कृषकों ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि सीधे खेतों तक आकर जमीनी हकीकत जानना शासन के प्रति उनके विश्वास को और मजबूत करता है।
संभागायुक्त और कलेक्टर ने किसानों को पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ वैज्ञानिक पद्धतियों, संतुलित उर्वरक प्रयोग और जल संरक्षण को अपनाने की सलाह दी, ताकि पैदावार में इजाफा हो सके। साथ ही उन्होंने कृषि विभाग को ताकीद की कि खाद और बीज वितरण में किसानों को कोई असुविधा न हो और उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाए।
उपस्थिति: इस अवसर पर डीएफओ अभिनव कुमार, एडीएम निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, एसडीएम रेखा चंद्रा सहित कई स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
















