सीएम साय से मिलीं NCBC अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति : पिछड़ा वर्ग के विकास पर हुआ मंथन

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके निवास कार्यालय में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने एक शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्मृति चिह्न भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस बैठक में दोनों नेताओं के बीच अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के सामाजिक और आर्थिक उत्थान, शैक्षणिक प्रगति और सामाजिक न्याय से जुड़े कई अहम मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई। बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार पिछड़े वर्गों के चौमुखी विकास के लिए पूरी संजीदगी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का सीधा फायदा इस वर्ग के लोगों तक लगातार पहुँचाया जा रहा है।
मुलाकात के दौरान आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने पिछड़े वर्गों के अधिकारों की रक्षा और उनके हितों को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय आयोग द्वारा उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी। उन्होंने आयोग की कार्यशैली और उससे जुड़ी कल्याणकारी गतिविधियों के बारे में भी विस्तार से बताया। इस खास मौके पर छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद समेत अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की भूमिका
आपको बता दें कि राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग एक संवैधानिक संस्था है, जो सामाजिक और शैक्षणिक रूप से पिछड़े समुदायों के विकास के लिए केंद्र व राज्य सरकारों को महत्वपूर्ण सुझाव देती है। इसके साथ ही यह संस्था पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए बने कानूनों और संवैधानिक सुरक्षा कवच की निगरानी करने का काम भी करती है।
















