संसाद बृजमोहन अग्रवाल को केंद्र में नया दायित्व : अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की ‘हिन्दी सलाहकार समिति’ में हुए शामिल

रायपुर। रायपुर से सांसद और वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल को केंद्र सरकार की ओर से एक अहम जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की ‘हिन्दी सलाहकार समिति’ का सदस्य बनाया गया है। इस उच्चस्तरीय समिति के अध्यक्ष केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू हैं, जबकि राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन इसके उपाध्यक्ष का पद संभाल रहे हैं।
यह समिति संविधान और राजभाषा अधिनियम के नियमों के तहत मंत्रालय के कामकाज में हिन्दी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए कार्य करती है। इसका मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं, प्रशासनिक कार्यों और जन-कल्याणकारी पहलों में राष्ट्रभाषा हिन्दी के उपयोग को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाना है।
इस मनोनयन पर आभार व्यक्त करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि हिन्दी केवल भाषा नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने विश्वास जताया कि मंत्रालय के कार्यों में राजभाषा का अधिक प्रयोग आम जनता तक योजनाओं की पहुंच को और आसान बनाएगा। इस दायित्व के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू का धन्यवाद किया।
















