टॉप न्यूज़

प्रह्लाद जोशी को मिली शिक्षा मंत्रालय की कमान, बोले— “पूरी निष्ठा के साथ निभाऊंगा नई जिम्मेदारी”

नई दिल्ली (एजेंसी)। धर्मेंद्र प्रधान के पद से त्यागपत्र देने के बाद केंद्र सरकार ने नया शिक्षा मंत्री चुन लिया है। यह अहम ज़िम्मेदारी अब कैबिनेट मंत्री प्रह्लाद जोशी को सौंपी गई है। शिक्षा मंत्रालय का कार्यभार मिलने पर प्रह्लाद जोशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया और आश्वस्त किया कि वे इस पद की मर्यादा और दायित्वों को पूर्ण कर्तव्यनिष्ठा व विनम्रता के साथ पूरा करेंगे।

प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते हुए जोशी ने कहा कि मोदी सरकार के पिछले 12 सालों के कार्यकाल में देश ने अभूतपूर्व उपलब्धियां देखी हैं। वे प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में शिक्षा क्षेत्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का हरसंभव प्रयास करेंगे।

पूर्व शिक्षा मंत्री के कार्यकाल की सराहना

नवनियुक्त शिक्षा मंत्री ने सोशल मीडिया (X) पर एक पोस्ट साझा कर धर्मेंद्र प्रधान के योगदान को सराहा। उन्होंने उल्लेख किया कि धर्मेंद्र प्रधान के कार्यकाल में ‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020’ (NEP-2020) को सफलतापूर्वक लागू किया गया और शिक्षा तंत्र में 100 से अधिक बड़े बदलाव किए गए। उन्होंने कहा कि देशहित को प्राथमिकता देते हुए पद छोड़ने के उनके फैसले से उनका योगदान कम नहीं हो जाता और वे आगे भी राष्ट्र निर्माण में सहयोग देते रहेंगे।

अब तीन प्रमुख मंत्रालयों का दायित्व

प्रह्लाद जोशी के पास पहले से ही दो बड़े मंत्रालयों—’उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण’ तथा ‘नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा’ का प्रभार है। शिक्षा मंत्रालय जुड़ने के बाद अब वे केंद्र सरकार में तीन महत्वपूर्ण विभागों की कमान संभाल रहे होंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button