छत्तीसगढ़

सरगुजा एकलव्य विद्यालय विवाद : सीएम साय ने जताई कड़ी नाराजगी, कलेक्टर को जांच और तत्काल कार्रवाई के आदेश

सरगुजा। सरगुजा स्थित शिवपुर एकलव्य आवासीय विद्यालय की छात्राओं द्वारा मूलभूत सुविधाओं के अभाव में कलेक्टोरेट तक पैदल मार्च करने के मामले को राज्य सरकार ने बेहद गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से सीधे फोन पर बात कर इस पूरी घटना का ब्योरा लिया और विद्यालय प्रशासन की लापरवाही पर सख्त नाराजगी व्यक्त की।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि छात्राओं को अपनी जायज मांगों के लिए सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़े, यह प्रशासनिक स्तर पर बड़ी चूक है। उन्होंने कलेक्टर को निर्देशित किया कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कदम उठाए जाएं।

छात्राओं की प्रमुख समस्याएं और सीएम के निर्देश:

सुविधाओं का तत्काल समाधान: विद्यालय में बिजली की समस्या, शिक्षकों की कमी, अनियमित पढ़ाई, खान-पान (मेस) और स्वच्छता से जुड़ी शिकायतों का तुरंत निवारण किया जाए।

निगरानी और नियमित निरीक्षण: जिला प्रशासन आवासीय विद्यालयों व छात्रावासों का लगातार दौरा करे, ताकि बच्चों की समस्याओं का समाधान परिसर स्तर पर ही समय पर हो सके।

लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस: आदिवासी क्षेत्रों के शैक्षणिक संस्थानों में छात्रों की सुरक्षा, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संसाधन उपलब्ध करा रही है। ऐसे में जमीनी स्तर पर तैनात अधिकारियों का यह कर्तव्य है कि वे संवेदनशीलता के साथ बच्चों की जरूरतों को पूरा करें और उन्हें सुरक्षित एवं सकारात्मक माहौल प्रदान करें।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button