बीजापुर में सुरक्षाबलों व नक्सलियों के बीच मुठभेड़, दो नक्सली ढेर हथियार व शव बरामद

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई, जिसमें दो नक्सली मारे गए। यह मुठभेड़ गंगालूर इलाके के जंगलों में हुई। मारे गए नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
इस ऑपरेशन में डीआरजी, एसटीएफ और कोबरा बटालियन के जवान शामिल हैं। मुठभेड़ के बाद नक्सलियों के ठिकाने से एक 303 राइफल, एक बीजीएल लॉन्चर, कई विस्फोटक सामग्री और अन्य नक्सल से संबंधित सामान बरामद हुआ है।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों को जिले के दक्षिण-पश्चिमी इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। दोपहर 3 बजे से सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी जारी रही। ऑपरेशन अभी भी चल रहा है।
गौरतलब है कि हाल ही में नक्सलियों ने ‘युद्धविराम’ की घोषणा करते हुए एक ऑडियो और लेटर जारी किया था, जिसके बाद यह मुठभेड़ हुई है। इससे पहले, 12 सितंबर को भी बीजापुर के इसी इलाके में सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन के दौरान दो नक्सलियों को मार गिराया था। उस ऑपरेशन में भी 303 राइफल और अन्य हथियार बरामद किए गए थे।
















