छत्तीसगढ़

12 साल में मोदी सरकार हर मोर्चे पर विफल, झूठे वादे और वादाखिलाफी ही मोदी की गारंटी : दीपक बैज

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने केंद्र की मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि भाजपा सरकार अपने किसी भी बड़े वादे को पूरा नहीं कर पाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की हर गारंटी विफल साबित हुई है और झूठे वादे तथा कोरी लफ्फाजी ही मोदी सरकार की वास्तविक पहचान बन गई है।

दीपक बैज ने कहा कि भाजपा ने वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान 25 करोड़ रोजगार सृजित करने का वादा किया था, लेकिन केंद्र सरकार के आंकड़ों के अनुसार 2014 के बाद केवल 1.2 करोड़ नौकरियां ही सृजित हुई हैं। उन्होंने कहा कि यह किए गए वादे का एक छोटा हिस्सा भी नहीं है। कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि देश में युवाओं के बीच बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है और 25 वर्ष से कम आयु के बड़ी संख्या में स्नातक युवा रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए बैज ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल के दामों में भारी वृद्धि हुई है, जिससे आम जनता की आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई से जूझ रहे नागरिकों, छोटे व्यापारियों और उद्योगों को राहत देने के बजाय केंद्र सरकार ने उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला है। उन्होंने घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की कीमतों में हुई बढ़ोतरी का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका सीधा असर आम लोगों और व्यवसायों पर पड़ा है।

किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया गया था, लेकिन यह लक्ष्य अब तक पूरा नहीं हो सका है। उन्होंने दावा किया कि किसानों की आय में अपेक्षित वृद्धि नहीं हुई और कृषि क्षेत्र आज भी अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है।

दीपक बैज ने नोटबंदी को भी विफल निर्णय बताते हुए कहा कि काले धन की वापसी, भ्रष्टाचार पर रोक, नकली नोटों पर नियंत्रण और आतंकवाद पर अंकुश जैसे उद्देश्यों में सरकार सफल नहीं रही। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के बाद अधिकांश मुद्रा फिर से बैंकिंग प्रणाली में लौट आई, जिससे सरकार के दावों पर सवाल खड़े हुए।

आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट में कई अनियमितताओं का उल्लेख किया गया है। बैज ने आरोप लगाया कि योजना के लाभार्थियों के सत्यापन और भुगतान प्रक्रिया में गंभीर खामियां सामने आई हैं।

आर्थिक असमानता के मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देश की संपत्ति का बड़ा हिस्सा सीमित वर्ग के हाथों में केंद्रित हो गया है, जबकि आम नागरिक बढ़ती महंगाई और आर्थिक दबाव का सामना कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार की नीतियों का लाभ मुख्य रूप से बड़े उद्योगपतियों को मिला है, जबकि गरीब और मध्यम वर्ग पर करों का बोझ बढ़ा है।

कांग्रेस ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को वादाखिलाफी, बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, किसान संकट और आर्थिक असमानता का दौर बताते हुए जनता के मुद्दों पर जवाबदेही तय करने की मांग की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button