छत्तीसगढ़ के कोरबा में दर्दनाक हादसा : खेत में रोपा लगा रहे तीन ग्रामीणों पर गिरी गाज, मौके पर ही थमीं सांसें

कोरबा। जिले के कटघोरा पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले सलोरा छुरी गांव में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। बारिश के दौरान खेतों में कृषि कार्य कर रहे तीन किसान आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए, जिससे उनकी जान चली गई। इस दुखद घटना के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा और मातम पसरा हुआ है।
बताया जा रहा है कि शनिवार शाम लगभग 25 से 30 ग्रामीण खेतों में काम में जुटे हुए थे। इसी दौरान मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ बारिश होने लगी। काम समय पर पूरा करने की उम्मीद में किसान खेत में ही रुके रहे। तभी अचानक कड़कड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली सीधे तीन किसानों पर आ गिरी।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम
गाज गिरते ही तीनों किसान झुलसकर जमीन पर गिर पड़े। खेत में मौजूद अन्य लोगों ने आनन-फानन में उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें बचाना असंभव बताया और मृत घोषित कर दिया।
मृतकों के नाम: बहुरंन पाटले, लक्ष्मी चंद पटेल और श्याम साहू।
रविवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शवों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि आंधी-तूफान या बारिश के दौरान खुले खेतों, ऊंचे स्थानों और पेड़ों के नीचे रुकने से बचें।
















