जेएनयू और डीयू की छात्रों को चेतावनी : जंतर-मंतर पर प्रदर्शनों से दूर रहें, उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई

नई दिल्ली (एजेंसी)। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) और दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने अपने विद्यार्थियों और कर्मचारियों को राजधानी के जंतर-मंतर और उसके आसपास के क्षेत्रों में हो रहे किसी भी प्रकार के विरोध-प्रदर्शन या सभाओं से दूर रहने की सख्त हिदायत दी है।
विश्वविद्यालय प्रशासनों ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (X) के माध्यम से सुरक्षा परामर्श जारी करते हुए कहा है कि छात्र अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा और शैक्षणिक करियर को प्राथमिकता दें। जेएनयू प्रशासन के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट द्वारा सार्वजनिक प्रदर्शनों को लेकर तय किए गए दिशानिर्देशों का पालन करना अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी करने वालों पर विश्वविद्यालय की आचार संहिता के तहत अनुशासनात्मक कदम उठाने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
इसके साथ ही, दोनों विश्वविद्यालयों ने छात्रों को सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी से व्यवहार करने और अफवाहों से बचने की सलाह दी है। डीयू प्रशासन ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में माहौल को बिगाड़ने के लिए काफी भ्रामक व फर्जी खबरें फैलाई जा रही हैं, जिनसे सतर्क रहना जरूरी है। प्रदर्शनों में शामिल होने से छात्रों की सुरक्षा के साथ-साथ उनके भविष्य और करियर पर भी नकारात्मक असर पड़ सकता है।
उल्लेखनीय है कि जंतर-मंतर पर चल रहे ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के आंदोलन में बड़ी संख्या में युवाओं के जुटने की आशंका को देखते हुए शैक्षणिक संस्थानों ने यह कदम उठाया है।
















