छत्तीसगढ़ में ग्रामीण विकास को नई रफ्तार, जिले के दो सड़कों के निर्माण के लिए 11 करोड़ 44 लाख रुपए की मंजूरी, झारखंड राज्य को जोड़ेगी यह मार्ग

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में, छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास के लिए लगातार महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में, जशपुर जिले के दुलदुला क्षेत्र के लिए दो नई सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है।
दुलदुला क्षेत्र में दो प्रमुख सड़कों को मंजूरी
पहला, छेरडांड से टुकुटोली तक पहुँच मार्ग के लिए 5 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत स्वीकृत की गई है। इस सड़क के निर्माण से ग्रामीण निवासियों के लिए आवागमन आसान होगा और कृषि तथा व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
दूसरा, टुटिअम्बा से कादोपानी (झारखंड) तक का मार्ग है, जिसके लिए 5 करोड़ 96 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। यह सड़क न केवल छत्तीसगढ़ के गाँवों को जोड़ेगी बल्कि सीधे झारखंड राज्य से भी संपर्क स्थापित करेगी। इससे दोनों राज्यों के बीच व्यापार, आवागमन और सामाजिक संबंध और भी मजबूत होंगे।
ग्रामीणों ने जताया आभार
क्षेत्र के लोगों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को इस पहल के लिए धन्यवाद दिया। उनका मानना है कि सड़कों का यह जाल बिछने से पूरे क्षेत्र का सर्वांगीण विकास होगा। सड़कों के बनने से ग्रामीणों को धूल और कीचड़ से मुक्ति मिलेगी, और मुख्य मार्गों से सीधा जुड़ाव होने से उनकी यात्रा भी सुविधाजनक हो जाएगी।
















