अमिताभ बच्चन से ‘बदतमीजी’ करने वाला बच्चा KBC से जल्द बाहर, जानिए ‘रामायण’ के किस सवाल पर हुआ आउट

मुंबई (एजेंसी)। टीवी का मशहूर क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) हमेशा सुर्खियों में रहता है। महानायक अमिताभ बच्चन की होस्टिंग इस शो को और भी खास बना देती है। कई कंटेस्टेंट तो बिग बी की एक झलक पाने की चाहत में भी शो पर आते हैं।
हाल ही में ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के खास सेगमेंट ‘KBC जूनियर’ का एक एपिसोड काफी चर्चा में रहा। इस शो पर आए एक बच्चे ने अमिताभ बच्चन के साथ जिस तरह का व्यवहार किया, उससे सोशल मीडिया पर दर्शक काफी नाराज़ हुए। यही नहीं, अपने अति-आत्मविश्वास के चलते वह बच्चा पांचवें सवाल पर ही शो से बाहर हो गया। आइए जानते हैं क्या था वह सवाल?
बिना विकल्प सुने ही जवाब देने की जल्दबाजी
‘KBC जूनियर’ में गुजरात के गांधीनगर से इशित भट्ट हॉट सीट पर पहुंचे थे। शो की शुरुआत से ही इशित जिस तरह से अमिताभ बच्चन से बात कर रहे थे, वह हैरान करने वाला था। हालांकि, बिग बी ने मुस्कुराते हुए बच्चे की इन हरकतों को नज़रअंदाज़ कर दिया। इशित सवाल सुनते ही, बिना विकल्पों को ठीक से सुने, जल्दबाजी में जवाब दे रहे थे। उनका यही अति-आत्मविश्वास उन्हें भारी पड़ा।
‘रामायण’ से जुड़ा वह सवाल क्या था?
‘KBC जूनियर’ में आए इशित भट्ट ‘रामायण’ से जुड़े पांचवें सवाल पर अटक गए। यह सवाल 25 पॉइंट के लिए था। इस मुश्किल सवाल का जवाब देने में इशित को परेशानी हुई और उन्होंने गलत उत्तर दिया।
सवाल- वाल्मीकि रामायण के प्रथम काण्ड का नाम क्या है?
विकल्प –
बाल काण्ड
अयोध्या काण्ड
किष्किन्धा काण्ड
युद्ध काण्ड
सही जवाब- बाल काण्ड
क्या हुआ था?
हाल ही में वायरल हुए एपिसोड के एक वीडियो में अमिताभ बच्चन जब इशित से पूछते हैं कि उन्हें कैसा लग रहा है, तो इशित ने कहा, “मैं बहुत एक्साइटेड हूं। लेकिन हम सीधे मुद्दे पर आते हैं। आप मुझे गेम के नियम बताने मत बैठ जाना, क्योंकि मुझे सारे नियम पता हैं।”
शुरुआत में जब बिग बी बच्चे से सवाल करते हैं, तो वह सवाल पूरा होने से पहले ही जवाब देने लगते हैं। एक-दो बार महानायक ने उसकी इस हरकत को नज़रअंदाज़ किया। लेकिन अंत में उसका यह अति-आत्मविश्वास ही उसे ले डूबा, और वह पांचवें प्रश्न पर ही आउट हो गया।
















