गुरु पूर्णिमा पर मंत्री देवांगन ने कोपाबेड़ा शिव मंदिर में टेका माथा, विभागीय कार्यों और कृषि स्थिति की समीक्षा की

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन अपने एक दिवसीय कोंडागांव दौरे के दौरान कोपाबेड़ा स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर पहुँचे। उन्होंने मंदिर में विधि-विधान से देवाधिदेव महादेव की आराधना कर राज्य की खुशहाली, सुख और समृद्धि की प्रार्थना की। गुरु पूर्णिमा के विशेष अवसर पर मंत्री देवांगन ने आश्रम के प्रथम पूज्य गुरु स्वामी शिवानंद जी महाराज का स्मरण करते हुए उन्हें भी नमन किया और पूजार्चना की।
इस धार्मिक कार्यक्रम में मंत्री जी के साथ पूर्व विधायक सेवकराम नेताम, पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, दीपेश अरोरा, जितेन्द्र सुराना और कुलवंत चहल समेत अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
सर्किट हाउस में अफसरों संग अहम बैठक
मंदिर दर्शन से पूर्व मंत्री लखनलाल देवांगन ने स्थानीय सर्किट हाउस में प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में उन्होंने जिले में खाद-बीज की उपलब्धता, कृषि गतिविधियों की प्रगति, मानसून एवं वर्षा की स्थिति तथा सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया। मंत्री ने अधिकारियों को जनहित के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इस प्रशासनिक समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा, जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर और एसडीएम अजय उरांव प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
















