मेडिकल कॉलेज में निर्माण कार्यों में तेजी, स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने दिए कड़े निर्देश

रायपुर। प्रदेश की स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूती देने के लिए मंत्रालय में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में स्वास्थ्य विभाग और लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिवों सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में रायपुर मेडिकल कॉलेज परिसर के भीतर चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा की गई। मंत्री ने निर्माणाधीन ट्रॉमा सेंटर, क्रिटिकल केयर यूनिट, नए सिकल सेल संस्थान, छात्र-छात्राओं के हॉस्टल और स्टाफ आवास भवनों के प्रगति कार्य का ब्योरा लिया।
स्वास्थ्य सुविधाओं को जल्द से जल्द जनता तक पहुँचाने के उद्देश्य से आगामी कार्ययोजना पर चर्चा हुई। स्वास्थ्य मंत्री ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता न करने और सभी प्रोजेक्ट्स को तय सीमा के भीतर पूरा करने के सख्त निर्देश अधिकारियों को दिए।
















