पेशाब में जलन और दर्द को न करें नजरअंदाज, हो सकती हैं ये 6 गंभीर बीमारियां

हेल्थ न्युज (एजेंसी)। यूरिन पास करते समय दर्द या जलन होना एक आम समस्या लग सकती है, लेकिन इसे अनदेखा करना भारी पड़ सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण कई लोग इस परेशानी से जूझते हैं। पेशाब के दौरान होने वाली यह तकलीफ शरीर में पनप रहे किसी संक्रमण या बीमारी का शुरुआती संकेत हो सकती है।
आइए जानते हैं कि पेशाब में जलन और दर्द के पीछे क्या मुख्य कारण हो सकते हैं:
- यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (UTI)
यूटीआई की समस्या पुरुषों की तुलना में महिलाओं में अधिक पाई जाती है। जब बैक्टीरिया मूत्रमार्ग के जरिए ब्लैडर में प्रवेश कर जाते हैं, तो वे तेजी से पनपने लगते हैं और पेशाब को एसिडिक बना देते हैं। इसके कारण पेशाब करते समय तेज जलन, बार-बार यूरिन आने की इच्छा, बदबूदार या धुंधला यूरिन आने की शिकायत होती है।
- सेक्सुअली ट्रांसमिटेड इंफेक्शन (STI)
यदि यूटीआई न होने के बावजूद पेशाब में दर्द बना रहता है, तो इसका कारण गुप्त रोग (STI) हो सकता है। कई बार महिलाएं इसके लक्षणों को साधारण इन्फेक्शन मान लेती हैं, जो नुकसानदेह हो सकता है। प्राइवेट पार्ट में खुजली, डिस्चार्ज का रंग या बदबू बदलना और घाव या छाले होना इसके मुख्य लक्षण हैं।
- सिस्टायटिस (सूजन)
सिस्टायटिस की स्थिति में मूत्राशय (ब्लैडर) में अंदरूनी सूजन आ जाती है, जो अक्सर बैक्टीरियल इंफेक्शन के कारण होती है। इसके चलते पेशाब करने में अत्यधिक दर्द होता है। डॉक्टरी इलाज और दवाओं से इस समस्या से राहत पाई जा सकती है।
- किडनी इंफेक्शन
अगर पेशाब में दर्द के साथ खून भी दिखाई दे, तो यह इस बात का संकेत है कि इन्फेक्शन किडनियों तक पहुंच चुका है। इसके साथ तेज बुखार, पेट के निचले हिस्से में दर्द और ठंड लगने जैसे लक्षण भी दिखाई देते हैं। समय पर इलाज न मिलने पर यह इन्फेक्शन खून में फैल सकता है, जिससे स्थिति गंभीर हो सकती है।
- किडनी या ब्लैडर स्टोन (पथरी)
यूरिन में मौजूद मिनरल्स जब आपस में जमा होकर सख्त हो जाते हैं, तो पथरी का रूप ले लेते हैं। जब यह स्टोन पेशाब के रास्ते में रुकावट डालता है या ब्लैडर की दीवार से रगड़ खाता है, तो तेज दर्द और यूरिन पास करने में रुकावट होती है। छोटे स्टोन अधिक पानी पीने से निकल जाते हैं, जबकि बड़े स्टोन के लिए मेडिकल प्रोसीजर की आवश्यकता होती है।
- वजाइनल टियर या स्किन ड्राइनेस
प्राइवेट पार्ट में सूखापन (ड्राईनेस) होने के कारण यौन संबंधों के दौरान या मेनोपॉज के वक्त टिश्यूज पतले हो जाते हैं, जिससे बारीक घाव बन जाते हैं। यूरिन के संपर्क में आने पर इन घावों में जलन और दर्द का अनुभव होता है।
अस्वीकरण: यह जानकारी केवल सामान्य जागरूकता के लिए दी गई है। पेशाब से संबंधित किसी भी समस्या या लक्षण के दिखाई देने पर खुद इलाज करने के बजाय डॉक्टरी सलाह जरूर लें।
















