खेल

छत्तीसगढ़ की दो बेटियों का भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में चयन, चीन में होने वाले जूनियर एशिया कप में करेंगी देश का प्रतिनिधित्व

रायपुर। छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि सामने आई है। बिलासपुर स्थित ‘खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ की दो उम्दा खिलाड़ियों—गीता यादव और मधु सिदार—को भारत की जूनियर महिला हॉकी टीम में स्थान मिला है। यह दोनों खिलाड़ी चीन के मोकी शहर में 30 अगस्त से 13 सितंबर तक आयोजित होने वाले आगामी जूनियर एशिया कप में भारतीय जर्सी पहनकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

इस उपलब्धि पर राज्य के उप मुख्यमंत्री एवं खेल व युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों से वीडियो कॉल के माध्यम से संवाद कर उन्हें टीम में चयन पर बधाई दी और उनकी तैयारियों का जायजा लिया। खेल विभाग के सचिव यशवंत कुमार और संचालक तनुजा सलाम ने भी दोनों एथलीट्स को शुभकामनाएं दीं। प्रदेश की पहली आवासीय खेल अकादमी में प्रशिक्षण ले रहीं ये दोनों खिलाड़ी मुख्य कोच अजीत लकड़ा और वरिष्ठ कोच राकेश टोप्पो के मार्गदर्शन में अपने खेल को निखार रही हैं।

खिलाड़ियों की उपलब्धि और अब तक का सफर:

मधु सिदार: जशपुर जिले के कांसाबेल स्थित पोंगरो गांव के एक कृषक परिवार से ताल्लुक रखने वाली मधु ने अपनी प्रतिभा के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। वे सब-जूनियर नेशनल (2024-25), स्कूल नेशनल (2024-25) और सब-जूनियर इंटर जोन चैंपियनशिप (2025) में राज्य का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। आंध्र प्रदेश में आयोजित हॉकी इंडिया नेशनल चैंपियनशिप में उनकी टीम चौथे स्थान पर रही थी। इसके अलावा, उन्होंने छत्तीसगढ़ में आयोजित पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में भी हिस्सा लिया। मधु अप्रैल 2026 से बेंगलुरु में राष्ट्रीय टीम के कैंप में अभ्यास कर रही हैं।

गीता यादव: कबीरधाम जिले के बोड़ला की रहने वाली गीता यादव ने शुरुआती प्रशिक्षण कोच शिवा चौहान से प्राप्त किया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वे पहले भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। उन्होंने नवंबर 2024 में नीदरलैंड्स और बेल्जियम दौरे से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वे मई-जून 2025 में अर्जेंटीना दौरे और जुलाई 2026 में इंग्लैंड व स्कॉटलैंड दौरे पर भी भारतीय टीम का हिस्सा रह चुकी हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button