खरसिया ROB निर्माण का जायजा लेने पहुंचे वित्त मंत्री ओपी चौधरी, समय पर काम पूरा करने के दिए सख्त निर्देश

रायपुर। रायगढ़ के खरसिया में बन रहे रोड ओवर ब्रिज (ROB) की प्रगति को परखने के लिए राज्य के वित्त मंत्री और स्थानीय विधायक ओपी चौधरी ने गुरुवार को निर्माण स्थल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ जमीनी स्थिति की समीक्षा की और प्रोजेक्ट की रफ्तार का जायजा लिया।
वित्त मंत्री ने कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता न करने की हिदायत देते हुए स्पष्ट किया कि प्रोजेक्ट को तय सीमा के भीतर ही पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि इस ओवरब्रिज के चालू हो जाने से न केवल क्षेत्र के लोगों का आवागमन आसान होगा, बल्कि रेलवे क्रॉसिंग पर आए दिन लगने वाले ट्रैफिक जाम से भी हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी।
श्री चौधरी ने जोर देकर कहा कि रायगढ़ जिले में इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं और मजबूत सड़क नेटवर्क देने के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
















