छत्तीसगढ़ और ओडिशा के मुख्यमंत्रियों के बीच शिष्टाचार भेंट, द्विपक्षीय विकास और आपसी सहयोग पर चर्चा

भुवनेश्वर (एजेंसी)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने ओडिशा प्रवास के दौरान भुवनेश्वर स्थित ओडिशा के मुख्यमंत्री श्री मोहन चरण माझी के आधिकारिक आवास पर उनसे सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर ओडिशा के मुख्यमंत्री श्री माझी ने मुख्यमंत्री श्री साय का गर्मजोशी से स्वागत किया।
मुलाकात के दौरान दोनों राज्यों के शीर्ष नेताओं ने छत्तीसगढ़ और ओडिशा के मध्य आपसी समन्वय, जनकल्याणकारी योजनाओं और क्षेत्रीय विकास से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रेखांकित किया कि दोनों पड़ोसी राज्य केवल भौगोलिक सीमाओं से ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक, सामाजिक और ऐतिहासिक दृष्टिकोण से भी एक-दूसरे से आत्मीय रूप से जुड़े हुए हैं।
उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों के बीच आपसी संबंध और तालमेल काफी गहरा है। दोनों सरकारों के बीच बेहतर तालमेल और प्रशासनिक समन्वय से न केवल आम जनता को सीधा लाभ पहुंचेगा, बल्कि संपूर्ण क्षेत्र के समग्र विकास को भी नई दिशा मिलेगी।
















