आबकारी मामले से चर्चित ढेबर परिवार को मिली रंगदारी की धमकी, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का लिया नाम

रायपुर। राजधानी रायपुर के पूर्व महापौर एजाज ढेबर और उनके भाई अनवर ढेबर को एक विदेशी नंबर से कॉल करके ₹50 करोड़ की भारी-भरकम रंगदारी मांगने की घटना सामने आई है। फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने खुद को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य बताते हुए परिवार को धमकाया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना पुलिस ने करीब एक हफ्ते पहले ही अज्ञात आरोपी के खिलाफ ब्लैकमेलिंग और धमकी देने की धाराओं में प्राथमिक दर्ज (FIR) कर ली है।
शुरुआती जांच में बिश्नोई गैंग से सीधा जुड़ाव नहीं
पुलिस प्रशासन के अनुसार, अब तक की तकनीकी और प्रारंभिक पड़ताल में इस बात के कोई प्रत्यक्ष प्रमाण नहीं मिले हैं कि धमकी देने वाला व्यक्ति वास्तव में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है। पुलिस का मानना है कि भय का माहौल बनाने और भारी रकम वसूलने के उद्देश्य से किसी असामाजिक तत्व द्वारा गैंगस्टर के नाम का गलत इस्तेमाल किया गया हो सकता है।
अन्य आपराधिक नेटवर्क की भी पड़ताल
सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को कई अन्य कोणों से भी जांच रही हैं:
तकनीकी साक्ष्य: इंटरनेशनल कॉल के जरिए आई इस कॉल की लोकेशन, आईपी एड्रेस और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगाले जा रहे हैं।
संदेही नेटवर्क: झारखंड के गैंगस्टर अमन साव और उससे जुड़े शूटर, जो पिछले समय रायपुर जेल में निरुद्ध रहे थे, उनके संभावित नेटवर्क और संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है।
प्रशासन ने ऐहतियात के तौर पर जरूरी कदम उठाए हैं और सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और आरोपी की धरपकड़ के बाद ही इस पूरे घटनाक्रम के मुख्य मकसद का खुलासा हो पाएगा।
















