‘बिग बॉस 20’ का बड़ा धमाका : बिना क्रिकेट 1 हफ़्ते में 2 करोड़ व्यूज़ पाने वाला पहला शो बना

मुंबई (एजेंसी)। ‘बिग बॉस’ के 20वें सीज़न ने डिजिटल दुनिया में व्यूअरशिप के पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़कर नया इतिहास रच दिया है। 6 सितंबर से शुरू हुआ यह शो कलर्स टीवी और जियो हॉटस्टार पर ज़बरदस्त प्रदर्शन कर रहा है। सलमान खान की होस्टिंग और टीवी सितारों, फ़िल्म कलाकारों व सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स की एंट्री ने इस बार शो में अलग ही रोमांच भर दिया है।
मीडिया ट्रैकिंग एजेंसी ‘ऑरमैक्स’ की ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक, 20 सितंबर को ख़त्म हुए हफ़्ते में ‘बिग बॉस S20’ को 2 करोड़ से ज़्यादा लोगों ने देखा। साल 2026 में किसी भी गैर-क्रिकेट कार्यक्रम के लिए इतने कम समय में यह आंकड़ा छूना अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है। एजेंसी के अनुसार, इसमें वे दर्शक शामिल हैं जिन्होंने जियो हॉटस्टार पर कम से कम 30 मिनट तक शो देखा है।
घर के भीतर कप्तानी की रेस, राशन की खींचतान और काजी, माही, अमरपाली व युंग जैसे सदस्यों के आपसी झगड़ों ने TRP को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाया है। इसके साथ ही, ‘वीकेंड का वार’ में सलमान खान की फटकार और नए-नए ट्विस्ट दर्शकों को स्क्रीन से बांधे रखने में कामयाब रहे हैं। इस ज़बरदस्त व्यूअरशिप से साफ़ है कि भारत में आज भी नॉन-स्पोर्ट्स एंटरटेनमेंट के मामले में ‘बिग बॉस’ का कोई मुकाबला नहीं है।
















