छत्तीसगढ़

किसानों को बड़ी राहत : रबी 2025 के फसल बीमा क्लेम का 3 दिनों में होगा भुगतान, मंत्री रामविचार नेताम के कड़े निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कृषि और किसान कल्याण मंत्री श्री रामविचार नेताम की सख्त चेतावनी के बाद, रबी सीजन 2025 के तहत लंबित पड़े उद्यानिकी फसलों के प्रधानमंत्री फसल बीमा क्लेम का भुगतान अब अगले तीन दिनों के भीतर कर दिया जाएगा।

किसानों की शिकायत पर तत्काल एक्शन

हाल ही में राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव क्षेत्र के ग्राम चिद्दों के दौरे के दौरान स्थानीय किसानों ने मंत्री से मुलाकात कर फसल बीमा राशि का भुगतान न मिलने की अपनी समस्या रखी थी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मंत्री श्री नेताम ने 16 अक्टूबर 2026 को तुरंत कृषि विभाग और बीमा कंपनियों के अधिकारियों की एक अहम बैठक बुलाई और तय समय-सीमा के अंदर सभी पात्र किसानों के बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करने के कड़े निर्देश दिए।

8 हजार से अधिक किसानों के खाते में आएंगे 3.8 करोड़ रुपये

मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत टमाटर, बैंगन, गोभी, प्याज और आलू जैसी उद्यानिकी फसलों का बीमा कराया गया था। रबी 2025 के लिए कुल 10,514 किसानों ने आवेदन किए थे, जिनकी जांच के बाद 8,444 किसानों के 14,344 आवेदन सही पाए गए और मंजूर किए गए हैं। सरकार के इस त्वरित कदम से इन सभी किसानों को लगभग 3.8 करोड़ रुपये की कुल बीमा राशि का सीधा लाभ मिलेगा।

मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर मिलना सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए कागजी कार्रवाई या भुगतान प्रक्रिया में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button