खेल

लगातार दूसरी बार बेंगलुरु के सिर सजा ताज : फाइनल में गुजरात चित, किंग कोहली का फिर चला जादू

अहमदाबाद (एजेंसी)। क्रिकेट की दुनिया में जब भी बड़े मुकाबलों की बात आती है, विराट कोहली का नाम सबसे ऊपर चमकता है। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में किंग कोहली की नाबाद 75 रनों की जांबाज पारी और गेंदबाजों के धारदार प्रदर्शन की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने गुजरात टाइटन्स (GT) को 5 विकेट से धूल चटा दी। इस धमाकेदार जीत के साथ ही बेंगलुरु ने लगातार दूसरी बार आईपीएल की चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। मैच में अपनी मैच जिताऊ पारी के लिए विराट कोहली को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

आईपीएल 2026 के इस महामुकाबले में बेंगलुरु ने खेल के हर मोर्चे पर गुजरात को पछाड़ दिया। जीत के लिए मिले 156 रनों के लक्ष्य को आरसीबी ने महज 18 ओवरों में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही कप्तान रजत पाटीदार ने महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज कप्तानों के एलीट क्लब में एंट्री कर ली है, जिन्होंने अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया है।

कोहली और वेंकटेश की तूफानी शुरुआत

156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर की जोड़ी ने बेहद आक्रामक शुरुआत दी। पारी के दूसरे ही ओवर में दोनों ने स्टार गेंदबाज कागिसो रबाडा को आड़े हाथों लेते हुए 18 रन कूट डाले। इस ओवर ने मैच का रुख शुरुआत में ही बेंगलुरु की तरफ मोड़ दिया।

एक तरफ वेंकटेश लगातार बड़े शॉट्स खेल रहे थे, तो दूसरी तरफ कोहली ने पारी को बेहद समझदारी से संभाला। दोनों ने सिर्फ 4.3 ओवरों में 62 रनों की साझेदारी कर गुजरात के गेंदबाजी आक्रमण को बैकफुट पर धकेल दिया। हालांकि, इसके बाद गुजरात ने मैच में वापसी की कोशिश की। वेंकटेश अय्यर, देवदत्त पडिक्कल, कप्तान रजत पाटीदार और क्रुणाल पांड्या के सस्ते में आउट होने से बेंगलुरु का स्कोर 91 रनों पर 4 विकेट हो गया।

संकटमोचक बने चेज मास्टर

चार विकेट जल्दी गिरने के बाद गुजरात के खेमे में उम्मीद की किरण जगी, लेकिन क्रीज पर ‘रन मशीन’ कोहली चट्टान की तरह डटे रहे। उन्होंने अर्शद खान की गेंद पर चौका जड़कर सीजन की अपनी 5वीं फिफ्टी पूरी की।

इस मुश्किल वक्त में टिम डेविड ने भी कोहली का बखूबी साथ निभाया और 17 गेंदों में 24 रनों की उपयोगी पारी खेली। पारी के दौरान कोहली को एक जीवनदान भी मिला, जब शुभमन गिल ने उनका एक लो-कैच पकड़ा, लेकिन रीप्ले में गेंद जमीन को छूती हुई नजर आई और अंपायर ने उन्हें नॉट-आउट करार दिया। इस मौके का फायदा उठाते हुए कोहली ने अंत में अरशद खान की गेंद पर एक गगनचुंबी छक्का जड़कर टीम को चैंपियन बना दिया। कोहली ने 42 गेंदों में नाबाद 75 रनों की पारी खेलकर एक बार फिर साबित किया कि लक्ष्य का पीछा करने में उनका कोई सानी नहीं है।

गेंदबाजों ने तैयार की थी जीत की जमीन

इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटन्स की शुरुआत बेहद खराब रही। अहमदाबाद की पिच पर आरसीबी के गेंदबाजों ने अपनी सधी हुई लाइन-लेंथ से गुजरात के बल्लेबाजों को हाथ खोलने का कोई मौका नहीं दिया।

गुजरात को अपने सलामी बल्लेबाजों शुभमन गिल और साई सुदर्शन से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन दोनों ही फ्लॉप रहे। गिल को जोश हेजलवुड ने रजत पाटीदार के हाथों कैच कराया, जबकि सुदर्शन को भुवनेश्वर कुमार ने अपनी शॉर्ट गेंद के जाल में फंसाकर पवेलियन का रास्ता दिखाया। पावरप्ले खत्म होने तक गुजरात की टीम 2 विकेट खोकर सिर्फ 45 रन ही बना सकी थी।

वॉशिंगटन सुंदर का अर्धशतक भी नहीं आया काम

शुरुआती झटकों के बाद जोस बटलर (19 रन) और वॉशिंगटन सुंदर ने पारी को संभालने का प्रयास किया। सुंदर ने एक छोर संभाले रखा और 37 गेंदों में 5 चौकों की मदद से नाबाद 50 रनों की जुझारू पारी खेली। लेकिन दूसरे छोर से उन्हें किसी का साथ नहीं मिला।

बेंगलुरु के युवा तेज गेंदबाज रसिक सलाम डार ने अपनी रफ्तार और वैरिएशन से कहर ढाते हुए निशांत सिंधु और राहुल तेवतिया समेत 3 विकेट चटकाए और गुजरात के बड़े स्कोर के सपने को तोड़ दिया। उनके अलावा भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने भी 2-2 विकेट अपने नाम किए। गुजरात की लाचारी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनकी पारी का पहला छक्का 13वें ओवर में आया। पूरी टीम निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर केवल 155 रन ही बना सकी।

मैदान पर जश्न और पाटीदार की मुस्कान

विराट कोहली के बल्ले से विजयी छक्का निकलते ही पूरा आरसीबी डगआउट मैदान की तरफ दौड़ पड़ा। हमेशा शांत रहने वाले कप्तान रजत पाटीदार के चेहरे पर भी जीत की बड़ी मुस्कान थी। सभी खिलाड़ियों ने साल 2008 से इस टीम की रीढ़ रहे विराट कोहली को गले लगा लिया। आरसीबी ने गेंदबाजी से लेकर बल्लेबाजी तक, फाइनल के हर पल पर अपना दबदबा बनाए रखा और एक बार फिर इतिहास रच दिया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button