छत्तीसगढ़ सहकारी बैंक भर्ती 2026 : 1,360 पदों पर नियुक्ति को मिली मंजूरी, युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा मौका

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सहकारी बैंकों और प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (PACS) में जल्द ही बड़े पैमाने पर नौकरियां निकलने वाली हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप सहकारिता मंत्री केदार कश्यप की पहल पर विभाग ने 1,360 रिक्त पदों पर सीधी और सीमित भर्ती की अनुमति दे दी है। इस कदम से न केवल प्रदेश के युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाएं भी अधिक सुदृढ़ होंगी।
पदों का विवरण और चयन प्रक्रिया
मंजूर किए गए कुल 1,360 पदों को दो प्रमुख हिस्सों में बांटा गया है:
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक (198 पद): इसमें उप प्रबंधक, सहायक प्रबंधक, फील्ड ऑफिसर, प्रोग्रामर, सहायक प्रोग्रामर और सामान्य सहायक जैसे प्रशासनिक व तकनीकी पद शामिल हैं।
समिति प्रबंधक (1,162 पद): इनमें से 596 पदों पर सीधी भर्ती होगी, जबकि 566 पदों को सीमित चयन प्रक्रिया से भरा जाएगा।
यह पूरी प्रक्रिया ‘जिला सहकारी केंद्रीय बैंक कर्मचारी सेवा नियम-2023’, आरक्षण मानकों और वित्तीय दिशा-निर्देशों के तहत पूरी की जाएगी। निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित संभागीय संयुक्त पंजीयक को चयन समिति में शामिल किया गया है। भर्ती का अंतिम परिणाम सर्वोच्च न्यायालय में लंबित याचिका के फैसले के अधीन रहेगा।
पांच प्रमुख क्षेत्रों में पदों का बंटवारा
रायपुर संभाग: 508 पद (सर्वाधिक)
बिलासपुर संभाग: 444 पद
बस्तर (जगदलपुर): 187 पद
दुर्ग-राजनांदगांव: 154 पद
रायगढ़: 67 पद
किसानों को लाभ और डिजिटल सेवाओं में तेजी
सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि 21 अगस्त की समीक्षा बैठक के बाद अधिकारियों को नियमों के तहत प्रक्रिया तेजी से पूरी करने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने कहा कि समिति प्रबंधकों की नियुक्ति से ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मुख्य रीढ़ मानी जाने वाली पैक्स (PACS) समितियों के कामकाज में सुधार होगा। इससे खाद-बीज वितरण, ऋण मंजूरी, पैक्स के डिजिटलीकरण और कंप्यूटरीकरण के कामों को गति मिलेगी, जिससे किसानों व खाताधारकों को समय पर पारदर्शी सेवाएं मिल सकेंगी।
















