टॉप न्यूज़

शासकीय खरीदी में छत्तीसगढ़ का नया रिकॉर्ड : 3,935 करोड़ रुपये के आंकड़े के साथ मिला ‘GeM सस्टेनेबल प्रोक्योरमेंट अवार्ड’

रायपुर। गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) पोर्टल के 10 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में नई दिल्ली में आयोजित ‘GeM 10: A Decade of Exponential Possibilities’ समारोह में छत्तीसगढ़ को ‘GeM सस्टेनेबल प्रोक्योरमेंट अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की मौजूदगी में राज्य को यह पुरस्कार शासकीय खरीद में GeM के बेहतर इस्तेमाल, पारदर्शिता और लेनदेन के मूल्य में भारी बढ़ोतरी के लिए दिया गया।

पारदर्शी बोली प्रणाली से ₹130 करोड़ की बचत

वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान पोर्टल पर हुई खुली और प्रतिस्पर्धी निविदा प्रक्रिया के माध्यम से छत्तीसगढ़ सरकार ने 130 करोड़ रुपये की प्रत्यक्ष बचत दर्ज की है। अनुमानित मूल्य और वास्तविक प्रतिस्पर्धी बोलियों के अंतर से प्राप्त यह बचत डिजिटल रिकॉर्ड और ऑडिट योग्य पारदर्शी व्यवस्था का परिणाम है। बीते तीन वर्षों में राज्य सरकार ने इस प्लेटफॉर्म से कुल 235 करोड़ रुपये की बचत की है।

सरकारी खरीद 113% बढ़ी

राज्य में विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों और स्थानीय निकायों द्वारा डिजिटल खरीदारी को प्राथमिकता देने से वित्त वर्ष 2025-26 में कुल खरीद ₹3,935 करोड़ तक पहुंच गई, जो पिछले साल के मुकाबले 113% की रिकॉर्ड वृद्धि है।

छोटे उद्योगों और स्थानीय कारोबारियों को भारी प्रोत्साहन

GeM के माध्यम से राज्य के सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों (MSEs) से की गई खरीद में 61 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो कुल ₹1,800 करोड़ रही। यह राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित 25% के अनिवार्य लक्ष्य से काफी अधिक है।

स्टार्टअप्स: खरीद में 178% की सर्वाधिक वृद्धि हुई।

अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग: इन वर्गों के उद्यमियों से खरीद में 108% का उछाल आया।

महिला उद्यमी: महिला संचालित व्यवसायों से होने वाली खरीद में 97% की वृद्धि दर्ज की गई।

स्थानीय उद्यमिता को मजबूती: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि GeM पोर्टल ने बिना किसी मध्यस्थ के छोटे उद्यमियों, महिलाओं और नए स्टार्टअप्स को सीधे सरकारी बाजार से जोड़ने का काम किया है। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार पारदर्शी खरीद प्रक्रिया के साथ-साथ स्थानीय उद्यमिता को मजबूत करके एक समृद्ध और ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण की दिशा में तेजी से काम कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button