छत्तीसगढ़

खरसिया में 2.75 करोड़ की लागत से बने नए संयुक्त तहसील भवन का उद्घाटन, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने दी 5 करोड़ की अतिरिक्त सौगात

रायपुर। छत्तीसगढ़ के खरसिया में प्रशासनिक कामकाज को चुस्त-दुरुस्त और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से निर्मित नए संयुक्त तहसील भवन का लोकार्पण प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी द्वारा किया गया। लगभग 2.75 करोड़ रुपए की लागत से तैयार इस दो मंजिला परिसर में राजस्व, न्याय, चुनाव और रजिस्ट्री से जुड़ी तमाम सेवाएं अब एक ही जगह उपलब्ध होंगी। कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत परिसर में पौधा रोपा और क्षेत्र के अन्य विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपए की अतिरिक्त वित्तीय सहायता की घोषणा भी की।

एक ही परिसर में मिलेगी सुविधाएं:

न्यायालय व प्रशासनिक शाखाएं: एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार कार्यालय के साथ-साथ कानूनगो, भू-अर्जन, भुइयां और निर्वाचन शाखाएं।

नागरिक एवं वित्तीय सेवाएं: सब-रजिस्ट्रार कार्यालय, ट्रेजरी, सेवा सेतु/लोक सेवा केंद्र, खाद्य निरीक्षक और आपदा प्रबंधन कक्ष।

विशेष प्रबंध: वकीलों के लिए अलग रूम, विशाल मीटिंग हॉल, इलेक्शन व ट्रेजरी के लिए स्ट्रांग रूम, दिव्यांगों के लिए रैंप और सर्वसुविधायुक्त प्रसाधन।

क्षेत्रीय विकास पर जोर:

समारोह को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि सरकार का मुख्य ध्येय जमीनी स्तर पर सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से विचार-विमर्श कर 5 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि को प्राथमिकता वाले कामों में लगाया जाएगा। इसके अलावा, उन्होंने करीब 67 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे निर्माणाधीन आरओबी (रेलवे ओवर ब्रिज) का काम जल्द पूरा करने, कुसमुरा कॉलेज भवन के शीघ्र उद्घाटन और स्थानीय स्पोर्ट्स व यूथ कॉम्प्लेक्स के कार्यों को गति देने की प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रवीन्द्र गबेल, नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग और खरसिया अधिवक्ता संघ के सदस्यों ने नए भवन की सौगात के लिए आभार जताया। उनका कहना था कि इस आधुनिक व्यवस्था से अधिवक्ताओं और आम जनता दोनों के समय और श्रम की बचत होगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button