उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कोरबा में मनाया विजयादशमी उत्सव, समितियों को दिए एक-एक लाख रुपये

रायपुर। विजयादशमी के पावन पर्व पर छत्तीसगढ़ के उद्योग मंत्री एवं कोरबा विधायक श्री लखन लाल देवांगन ने शहर के कई प्रमुख दशहरा कार्यक्रमों में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को पर्व की बधाई देते हुए भगवान श्रीराम के जीवन मूल्यों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
मंत्री देवांगन ने अपनी इस यात्रा की शुरुआत एचटीपीपी दर्री के लाल मैदान स्थित भव्य दशहरा उत्सव से की। इसके बाद उन्होंने दर्री मेन रोड, बुधवारी बस्ती, मुड़ापार बाजार और राजेंद्र प्रसाद नगर फेस-1 (निहारिका) में आयोजित दशहरा समारोहों में हिस्सा लिया। इन सभी स्थानों पर उन्होंने आम जनता से मिलकर आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक समरसता के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
समितियों के लिए वित्तीय सहायता की घोषणा
क्षेत्रीय संस्कृति और आयोजनों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंत्री श्री देवांगन ने विभिन्न पूजा एवं उत्सव समितियों के लिए आर्थिक सहयोग का ऐलान किया। इसके तहत उन्होंने दर्री मेन रोड दुर्गा पूजा समिति, बुधवारी दशहरा उत्सव समिति, मुड़ापार दशहरा उत्सव समिति और राजेंद्र प्रसाद नगर फेस-1 समिति को एक-एक लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की।
सत्य और धर्म का संदेश है विजयादशमी
जनता को संबोधित करते हुए मंत्री देवांगन ने कहा कि विजय पर्व सिर्फ रावण पर श्रीराम की जीत का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह सच्चाई, न्याय, धर्म और सदाचार की शाश्वत शक्ति को दर्शाता है। यह हमें यह सिखाता है कि विकट परिस्थितियों में भी धर्म का साथ देने वालों की ही जीत होती है।
उन्होंने आगे कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, मर्यादा और कर्तव्यपरायणता की मिसाल है। उनके विचार आज भी समाज और राष्ट्र के प्रति हमारे कर्तव्यों को पूरा करने का मार्ग दिखाते हैं। विजयादशमी हमें अपने भीतर की नकारात्मकता, अहंकार और द्वेष को मिटाकर अच्छे संस्कारों को अपनाने का संदेश देती है। इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़े रखने के साथ-साथ आपसी सौहार्द को भी बढ़ावा देते हैं।
इस अवसर पर एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, पार्षद प्रीति शर्मा, प्रफुल्ल तिवारी, मनोज लहरे, वैभव शर्मा, एल्डरमैन ईश्वर साहू, सरोज शांडिल्य, मुकुंद कंवर, किशोर साहू, पंकज देवांगन सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक और विभिन्न समितियों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
















