दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की बड़ी पहल : 25 ट्रेनों में HOG सिस्टम से ₹81 करोड़ की बचत और पर्यावरण को राहत

रायपुर। पर्यावरण संरक्षण और बेहतर रेल सुविधाओं की दिशा में कदम बढ़ाते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने एक नई मिसाल पेश की है। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान अपनी 25 एलएचबी (LHB) ट्रेनों में हेड ऑन जनरेशन (HOG) तकनीक अपनाकर रेलवे ने 65 लाख लीटर से अधिक डीजल की बचत की है। इससे न केवल रेलवे को करीब ₹81 करोड़ के राजस्व का लाभ हुआ है, बल्कि 16,614 टन कार्बन डाइऑक्साइड (CO₂) के उत्सर्जन में भी कमी आई है।
कैसे काम करती है HOG प्रणाली?
पहले ट्रेनों के डिब्बों में लाइट और एसी चलाने के लिए दोनों तरफ बने पावर कार में लगे डीजल जनरेटर (EOG सिस्टम) का इस्तेमाल किया जाता था। अब HOG प्रणाली के तहत विद्युत इंजन के माध्यम से ओवरहेड इलेक्ट्रिकल लाइन (OHE) से सीधे बिजली ली जाती है।
HOG तकनीक के प्रमुख फायदे:
ईंधन व राजस्व की बचत: प्रतिवर्ष लाखों लीटर डीजल की खपत में कमी, जिससे करोड़ों रुपये की बचत हुई।
कम प्रदूषण: कार्बन उत्सर्जन घटने से पर्यावरण स्वच्छ रहेगा।
ध्वनि-मुक्त यात्रा: डीजल जनरेटर बंद होने से शोर कम हुआ है, जिससे यात्रियों का सफर और अधिक आरामदायक बन गया है।
अधिक सीटें: नए डिजाइन के पावर कार में कम जगह लगने के कारण सामान्य श्रेणी (General Class) के यात्रियों के लिए अतिरिक्त सीटें उपलब्ध हो पाई हैं।
बेहतर सुरक्षा: ज्वलनशील पदार्थों (डीजल व लुब्रिकेंट) का प्रयोग बेहद कम होने से आग लगने का खतरा घट गया है।
कम रखरखाव लागत: विद्युत आधारित प्रणाली होने के कारण मेंटेनेंस का खर्च काफी कम हो गया है।
HOG सिस्टम से सुसज्जित 25 प्रमुख ट्रेनें:
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की जिन 25 ट्रेनों में यह तकनीक लागू की गई है, उनमें प्रमुख हैं:
बिलासपुर-चेन्नई एक्सप्रेस
बिलासपुर-पुणे एक्सप्रेस
बिलासपुर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस
बिलासपुर-पटना एक्सप्रेस
बिलासपुर-भगत की कोठी एक्सप्रेस
बिलासपुर-बीकानेर एक्सप्रेस
छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति एक्सप्रेस
दुर्ग-निज़ामुद्दीन हमसफ़र एक्सप्रेस
दुर्ग-जम्मूतवी एक्सप्रेस
दुर्ग-फिरोजपुर अंत्योदय एक्सप्रेस
कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस
दुर्ग–नौतनवा एक्सप्रेस (भाया वाराणसी)
दुर्ग-कानपुर बेतवा एक्सप्रेस
दुर्ग–नौतनवा एक्सप्रेस (भाया अयोध्या)
दुर्ग–अजमेर एक्सप्रेस
कोरबा-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस
दुर्ग-जयपुर एक्सप्रेस
दुर्ग-उधमपुर एक्सप्रेस
दुर्ग-भोपाल अमरकंटक एक्सप्रेस
रायगढ़-गोंदिया जनशताब्दी एक्सप्रेस
बिलासपुर-इतवारी इंटरसिटी एक्सप्रेस
कोरबा-इतवारी शिवनाथ एक्सप्रेस
बिलासपुर-रीवां एक्सप्रेस
बिलासपुर-इंदौर नर्मदा एक्सप्रेस
दुर्ग-अम्बिकापुर एक्सप्रेस
















