मध्य पूर्व तनाव का असर : दुबई एयरपोर्ट पर घंटों फंसीं बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल

मुंबई (एजेंसी)। मध्य पूर्व में चल रहे तनावपूर्ण हालातों और मिसाइल हमलों के कारण उपजे सुरक्षा संबंधी बदलावों का असर बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल की यात्रा पर भी पड़ा है। 4 मई की रात न्यूयॉर्क से मुंबई की उड़ान भरने वाली अभिनेत्री को अप्रत्याशित बाधाओं का सामना करना पड़ा।
क्षेत्र में हवाई मार्ग बंद होने के कारण उनकी फ्लाइट को मस्कट की ओर मोड़ दिया गया था। फिलहाल, अमीषा दुबई एयरपोर्ट पर हैं और मुंबई वापसी के लिए किसी वैकल्पिक विमान का इंतजार कर रही हैं।
अभिनेत्री ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से प्रशंसकों को अपनी स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने दुबई एयरपोर्ट से अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “दुबई एयरपोर्ट पर घंटों से इंतजार कर रही हूं!! और यह सिलसिला अभी भी जारी है… मैं मुंबई अपने घर पहुंचने के लिए बेहद बेताब हूं।”
उनकी इस पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स और फैंस ने तुरंत प्रतिक्रिया दी है। लोग अभिनेत्री की इस कष्टदायक यात्रा के प्रति सहानुभूति व्यक्त कर रहे हैं और उनके जल्द व सुरक्षित घर पहुंचने की कामना कर रहे हैं।
















