भटगांव स्वास्थ्य केंद्र का मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया औचक निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास मंत्री व भटगांव से विधायक श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने शुक्रवार को भटगांव स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का सरप्राइज विजिट कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की कार्यप्रणाली, साफ-सफाई और मरीजों को दी जा रही चिकित्सीय सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री ने ओपीडी, मरीज वार्ड, मैटरनिटी वार्ड, मेडिसिन काउंटर और पेयजल व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने वहां भर्ती मरीजों तथा उनके परिजनों से बातचीत कर इलाज की गुणवत्ता और दवाओं की उपलब्धता के बारे में फीडबैक लिया।
अस्पताल में पाई गई कमियों पर नाराजगी जताते हुए मंत्री राजवाड़े ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाओं को तुरंत दुरुस्त किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की नियमित उपस्थिति, जीवनरक्षक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक और चिकित्सा उपकरणों का चालू अवस्था में रहना हर हाल में सुनिश्चित होना चाहिए।
श्रीमती राजवाड़े ने कहा, “क्षेत्र के नागरिकों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराना मेरी पहली प्राथमिकता है। जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
उन्होंने अस्पताल प्रशासन को मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने, आपातकालीन और गंभीर मामलों में तुरंत इलाज मुहैया कराने तथा परिसर में स्वच्छता के कड़े मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ही स्वास्थ्य सेवाओं की मुख्य रीढ़ होते हैं, इसलिए इनकी कार्यप्रणाली पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। Inspection के दौरान स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
















