6 साल का हुआ ‘मिर्जापुर 2’ : मेकर्स ने खास वीडियो शेयर कर मनाया जश्न, फैंस की यादें हुईं ताजा

मुंबई (एजेंसी)। साल 2020 में रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर की प्रोडक्शन कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित बहुचर्चित वेब सीरीज ‘मिर्जापुर 2’ को रिलीज हुए छह साल पूरे हो चुके हैं। 23 अक्टूबर 2020 को अमेजॉन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हुई इस सीरीज को निर्देशक गुरमीत सिंह ने निर्देशित किया था, जिसमें पूर्वांचल की राजनीति, सत्ता की भूख और प्रतिशोध की गाथा को बड़े ही रोमांचक अंदाज में पेश किया गया था।
इस सीजन में पंकज त्रिपाठी, अली फज़ल, दिव्येंदु शर्मा, श्वेता त्रिपाठी और रसिका दुग्गल जैसे कलाकारों ने अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया था। पहले सीजन के सस्पेंस को आगे बढ़ाते हुए इस भाग में अपनों को खोने का दर्द, गद्दी के लिए संघर्ष और राजनीतिक दांव-पेच को बखूबी दिखाया गया था। बेहतरीन निर्देशन और दमदार अदाकारी के दम पर इस सीरीज ने व्यूअरशिप के नए कीर्तिमान रचे और भारतीय पॉप कल्चर में अपनी एक अलग पहचान बनाई।
इस खास उपलब्धि पर मेकर्स ने सोशल मीडिया पर एक खास वीडियो क्लिप जारी किया है। इसमें सीरीज के कई यादगार पलों, किरदारों और उनके बीच के टकरावों की झलकियां दिखाई गई हैं। मेकर्स ने इस पोस्ट को साझा करते हुए लोकप्रिय डायलॉग का जिक्र करते हुए कैप्शन लिखा:
“यह भी ठीक है। सेलिब्रेटिंग #6YearsOfMirzapur2.”
छह साल बीत जाने के बाद भी ‘मिर्जापुर’ का खुमार दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रहा है। हाल ही में बड़े पर्दे पर रिलीज हुई इसकी फिल्म ने भी यह साबित कर दिया है कि यह फ्रेंचाइजी सिर्फ एक एंटरटेनमेंट शो नहीं, बल्कि दर्शकों के लिए एक भावना बन चुकी है।
















