छत्तीसगढ़ में मोबाइल साइंस लैब की शुरुआत : सीएम साय ने ‘साइंस ऑन व्हील्स’ को किया रवाना

रायपुर। राज्य के स्कूली विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने और उन्हें प्रयोगात्मक शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बगिया स्थित कैम्प कार्यालय से ‘साइंस ऑन व्हील्स’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह चलती-फिरती प्रयोगशाला विशेष रूप से उन क्षेत्रों के बच्चों के लिए वरदान साबित होगी, जहां आधुनिक प्रयोगशालाओं की पहुंच सीमित है।
इस पहल के तहत छात्र केवल किताबों तक सीमित न रहकर खुद प्रयोग करके विज्ञान के जटिल सिद्धांतों को समझ सकेंगे। वाहन में प्रदर्शित मॉडल्स और व्यावहारिक प्रदर्शनियों के जरिए छात्रों में नवाचार, तर्कशीलता और प्रश्न पूछने की क्षमता को विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।
चार प्रमुख विषयों पर केंद्रित होंगे प्रयोगात्मक मॉड्यूल
‘साइंस ऑन व्हील्स’ के माध्यम से विद्यार्थियों को मुख्य रूप से चार व्यावहारिक विषयों की जानकारी दी जाएगी:
अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी: ब्रह्मांड, खगोल विज्ञान और अंतरिक्ष अनुसंधान की समझ विकसित करना।
रोबोटिक्स: आधुनिक तकनीक, ऑटोमेशन और भविष्य के तकनीकी कौशल से परिचय।
सतत विकास: पर्यावरण संतुलन, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और टिकाऊ जीवनशैली पर जागरूकता।
जल निस्पंदन: जल शोधन की वैज्ञानिक प्रक्रियाओं और जल संरक्षण के व्यावहारिक समाधान।
तीन राज्यों में चल रही है यह राष्ट्रीय पहल
यह परियोजना विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सहयोग से संचालित एक राष्ट्रीय पहल है, जिसे छत्तीसगढ़ के अलावा पंजाब और हिमाचल प्रदेश में भी लागू किया जा रहा है। इसे प्लक्ष यूनिवर्सिटी, प्लैनेटशार्क फाउंडेशन (PDLD) और आईआईटी मंडी के साझा सहयोग से तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में स्थायी रूप से वैज्ञानिक सोच को विकसित करना है।
शुभारंभ के दौरान मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी डॉ. लाल उमेंद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार तथा स्व-सहायता समूहों की महिलाएं और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
















