राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने माँ दंतेश्वरी मंदिर में टेका माथा, देश की खुशहाली के लिए की विशेष प्रार्थना

जगदलपुर। बस्तर दौरे के दौरान भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने जगदलपुर स्थित प्रसिद्ध माँ दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने पूरी निष्ठा व विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना करते हुए समस्त देशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मंदिर पहुँचने पर राष्ट्रपति का पारंपरिक रीती-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर राज्य के राज्यपाल श्री रमेन डेका और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने देवी माँ के दर्शन कर छत्तीसगढ़ के लोगों की प्रगति और निरंतर कल्याण के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रपति के इस आगमन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण: बस्तर की लोक-संस्कृति और जन-आस्था के केंद्र माँ दंतेश्वरी के द्वार पर राष्ट्रपति का आना पूरे प्रदेश के लिए बेहद सम्मान की बात है।
बस्तर की अनूठी पहचान: बस्तर क्षेत्र अपनी प्राचीन जनजातीय परंपराओं, प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक धरोहर के लिए जाना जाता है। राष्ट्रपति जी की इस यात्रा से यहाँ की समृद्ध विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिलेगी।
माँ दंतेश्वरी और बस्तर का जुड़ाव:
माँ दंतेश्वरी केवल एक धार्मिक केंद्र नहीं, बल्कि पूरे बस्तर अंचल की सांस्कृतिक और सामाजिक चेतना की प्रतीक हैं। यहाँ के निवासियों के जीवन में देवी दंतेश्वरी के प्रति अगाध श्रद्धा सदियों से रची-बसी हुई है।
















