
ऋषभ पंत ने सोशल मीडिया पर CM पुष्कर सिंह धामी से मांगी मदद, उत्तराखंड में घर बनाने के लिए जमीन उपलब्ध कराने की अपील
स्पोर्ट न्युज (एजेंसी)। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मदद की गुहार लगाई है। फिलहाल श्रीलंका दौरे पर मौजूद पंत ने देर रात पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि वे दिल्ली से अपना बेस स्थानांतरित कर अपने गृह राज्य उत्तराखंड में स्थायी रूप से घर बनाना चाहते हैं, लेकिन पिछले तीन सालों से जमीन की तलाश में लगातार दिक्कतों का सामना कर रहे हैं।
सरकारी दर पर जमीन खरीदने की जताई इच्छा
पंत ने अपनी पोस्ट में कहा कि वे देवभूमि उत्तराखंड से गहरा लगाव रखते हैं और अपने लोगों के बीच लौटकर राज्य के विकास में योगदान देना चाहते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से जमीन खरीद की प्रक्रिया को स्पष्ट करने और सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया। क्रिकेटर ने साफ किया कि यदि सरकार उन्हें अनुमति देती है, तो वे तय सरकारी दरों पर जमीन खरीदने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। पंत के मुताबिक, यह सिर्फ जमीन का टुकड़ा नहीं बल्कि उत्तराखंड में उनका पहला घर बनाने का सपना है।
मुख्यमंत्री धामी ने दिया आश्वासन
पंत की इस भावुक अपील पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तुरंत प्रतिक्रिया दी। सीएम धामी ने ऋषभ पंत को उत्तराखंड की शान बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने शानदार खेल से दुनिया भर में राज्य का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री ने मातृभूमि के प्रति उनके प्रेम की सराहना की और राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
















