सागर जहरीली शराब मामला : मौत के आंकड़ों पर सियासत तेज, पटवारी ने सरकार पर लगाया सच छिपाने का आरोप

नई दिल्ली (एजेंसी)। मध्य प्रदेश के सागर जिले की बंडा तहसील स्थित दो गांवों में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से हड़कंप मच गया है। सोमवार दोपहर एक और मरीज की जान जाने के बाद आधिकारिक तौर पर मृतकों की तादाद 13 तक पहुंच गई है। प्रशासन द्वारा गांव-गांव जाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है, वहीं बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सहित अन्य अस्पतालों में कई पीड़ितों का इलाज जारी है।
कांग्रेस का आरोप: मौतों की संख्या 50 पार
इस घटना पर राज्य की राजनीति गरमा गई है। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती पीड़ितों और उनके परिजनों से मुलाकात के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रशासनिक दावों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और स्थानीय प्रशासन वास्तविक आंकड़ों को दबाने की कोशिश कर रहा है। पटवारी के अनुसार, अब तक 50 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और वे स्वयं 33 प्रभावित परिवारों से मिल चुके हैं। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों पर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करते हुए व्यवस्था पर लापरवाही का आरोप लगाया।
प्रशासनिक कार्रवाई और जांच के आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं। लापरवाही बरतने के आरोप में तीन आबकारी अधिकारियों और दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि एक अन्य आबकारी अधिकारी को हटाकर ग्वालियर अटैच किया गया है। पुलिस ने मामले में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर नामजद 30 आरोपियों में से 14 को हिरासत में ले लिया है। जिला प्रशासन का कहना है कि प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि समय रहते अन्य संभावित पीड़ितों का इलाज शुरू किया जा सके।
















