सरस्वती साइकिल योजना : दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं को मिली राह की सुगमता, 120 बेटियों को मिलीं मुफ्त साइकिलें

रायपुर। प्रदेश सरकार की ओर से बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने और ग्रामीण इलाकों की छात्राओं की स्कूल तक पहुंच आसान बनाने के उद्देश्य से ‘सरस्वती साइकिल योजना’ चलाई जा रही है। इसी क्रम में बलरामपुर जिले के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में एक कार्यक्रम आयोजित कर नवमीं कक्षा की 120 छात्राओं को मुफ्त साइकिल प्रदान की गई। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में हुए इस आयोजन में साइकिल पाते ही छात्राओं में उत्साह और नया आत्मविश्वास नजर आया।
कार्यक्रम में उपस्थित नगर पालिका अध्यक्ष लोधीराम एक्का ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि संसाधनों का अभाव या दूरी किसी भी छात्रा की पढ़ाई में रुकावट न बने। उन्होंने माना कि यह योजना विशेषकर दूर-दराज के क्षेत्रों की बालिकाओं के लिए काफी मददगार सिद्ध हो रही है।
स्कूल के प्राचार्य के अनुसार, कक्षा आठवीं उत्तीर्ण करने के बाद कई छात्राओं को 4 से 5 किलोमीटर का सफर पैदल तय करना पड़ता था, जिसका असर उनके स्वास्थ्य और उपस्थिति दोनों पर पड़ता था। अब इस सुविधा से छात्राओं के समय की बचत होगी और उनकी नियमितता में सुधार आएगा।
लाभान्वित छात्रा कोमल शर्मा (ग्राम पिण्डारा) और राधिका (ग्राम ओबरी) ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए बताया कि पहले लंबी दूरी और बारिश के मौसम में स्कूल पहुंचना काफी कठिन होता था। अब साइकिल मिलने से उनका आवागमन सुरक्षित व सुविधाजनक हो गया है, जिससे वे अपना ध्यान पूरी तरह पढ़ाई पर केंद्रित कर पाएंगी। इस अवसर पर मौजूद अतिथियों और शिक्षकों ने सभी छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
















