भिलाई कालीबाड़ी में नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण : सांसद और विधायक की मौजूदगी में हुआ पौधारोपण

भिलाई। भिलाई नगर के सेक्टर-6 स्थित कालीबाड़ी परिसर में नवगठित कार्यकारी समिति के शपथ ग्रहण और पौधारोपण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में दुर्ग सांसद विजय बघेल और भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव विशेष रूप से शामिल हुए।
समारोह के दौरान 21 सदस्यीय नई कार्यकारिणी के सदस्यों ने अपने पद और गोपनीयता की शपथ ली। इस समिति का नेतृत्व अध्यक्ष डॉ. दीप चटर्जी कर रहे हैं। शहर से बाहर होने के कारण पांच सदस्य उपस्थित नहीं हो सके, जबकि बाकी सभी पदाधिकारियों ने औपचारिक रूप से अपनी जिम्मेदारी संभाली।
पौधारोपण और हरित परिसर का संकल्प
शपथ ग्रहण के साथ ही परिसर में अतिथियों और समिति के सदस्यों द्वारा वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान कालीबाड़ी क्षेत्र को हरा-भरा, स्वच्छ बनाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति आम जन को जागरूक करने का संकल्प लिया गया।
अतिथियों का आत्मीय जुड़ाव
सांसद विजय बघेल ने नई टीम को बधाई देते हुए बताया कि सेक्टर-6 कालीबाड़ी के पास निवास करने के कारण उनका इस स्थान और मां काली के प्रति वर्षों पुराना भावनात्मक लगाव है। उन्होंने समिति को विकास कार्यों में हर संभव मदद का भरोसा दिया।
विधायक देवेंद्र यादव ने बचपन से कालीबाड़ी से जुड़े अपने संस्मरण साझा किए और समाज व मंदिर के विकास में निरंतर योगदान देने की बात कही।
विभिन्न संगठनों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में बच्चों ने जूडो-कराटे का शानदार प्रदर्शन कर अतिथियों की खूब वाहवाही बटोरी। इस दौरान शहर की विभिन्न कालीबाड़ियों के प्रतिनिधियों, भिलाई बंगाली समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों, सामाजिक-धार्मिक संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
















